रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने IISD–स्वनिति इनिशिएटिव की ‘मैपिंग इंडियाज स्टेट लेवल एनर्जी ट्रांज़िशन: छत्तीसगढ़’ रिपोर्ट का विमोचन

कोयला क्षेत्रों में ‘जस्ट ट्रांज़िशन’ पर विस्तृत चर्चा, राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा विस्तार के लिए ठोस कदमों पर बल
रायपुर, 12 दिसंबर 2025
| रिपोर्ट गणपत चौहान छत्तीसगढ़
रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में इंटरनेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ सस्टेनेबल डेवलपमेंट (IISD) और स्वनिति इनिशिएटिव के शोधकर्ताओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उनकी विस्तृत अध्ययन रिपोर्ट “मैपिंग इंडियाज स्टेट लेवल एनर्जी ट्रांज़िशन: छत्तीसगढ़” का औपचारिक विमोचन किया गया।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने शोधकर्ताओं के साथ राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार, ऊर्जा सुरक्षा और सतत विकास की दिशा में सरकार द्वारा अपनाई जा रही रणनीतियों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सौर ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन और ऊर्जा दक्षता से संबंधित नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है, ताकि ऊर्जा संक्रमण की प्रक्रिया तेज हो और प्रदेश भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार हो सके।
शोधकर्ताओं ने भारत के 52 कोयला उत्पादक जिलों की ‘एनर्जी ट्रांज़िशन वल्नरेबिलिटी’ पर आधारित एक व्यापक इंडेक्स प्रस्तुत किया। इस इंडेक्स में यह दर्शाया गया है कि पारंपरिक कोयला आधारित क्षेत्रों में जस्ट ट्रांज़िशन—अर्थात आर्थिक, सामाजिक और पर्यावरणीय रूप से न्यायपूर्ण बदलाव—कितना महत्वपूर्ण है। इसमें रोजगार संरचना, वैकल्पिक आजीविका के अवसर, और पुराने कोयला क्षेत्रों के समग्र विकास से जुड़े पहलुओं का भी विस्तृत विश्लेषण शामिल है।
बैठक के दौरान प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और ऊर्जा विभाग के सचिव रोहित यादव भी उपस्थित रहे।

