रायपुर : धान खरीदी केंद्रों में सुगम और पारदर्शी व्यवस्था — किसान आसानी से बेच रहे धान
टोकन तुंहर हाथ ऐप से भोलाराम को घर बैठे टोकन की मिली सुविधा
रायपुर, 12, दिसंबर 2025
| रिपोर्ट गणपत चौहान, छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ सरकार की किसान हितैषी नीतियों का प्रभाव इस वर्ष कबीरधाम जिले में धान खरीदी व्यवस्था में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। टोकन तुंहर हाथ ऐप ने किसानों के लिए खरीदी प्रक्रिया को बेहद सरल बना दिया है। अब किसान घर बैठे ही टोकन प्राप्त कर रहे हैं, जिससे खरीदी केंद्रों में अनावश्यक भीड़, भागदौड़ और लंबी प्रतीक्षा जैसी समस्याएँ लगभग समाप्त हो गई हैं।
केंद्रों में बारदाना उपलब्धता, तौल, भंडारण और भुगतान से जुड़ी सभी व्यवस्थाएँ इस बार पहले से अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित और समयबद्ध हैं।
इन्हीं सुविधाओं का लाभ ग्राम छांटा के किसान भोलाराम चंद्रवंशी को मिला है। 5.57 एकड़ भूमि वाले भोलाराम चार एकड़ में धान और शेष भूमि में गन्ने की खेती करते हैं। इस खरीदी सीजन में उन्होंने 84.40 क्विंटल धान बेचा। वे बताते हैं कि पूरी खरीदी प्रक्रिया में उन्हें एक भी बार किसी प्रकार की समस्या या असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। तौल से लेकर भुगतान तक उनका संपूर्ण कार्य निर्धारित समय में, बिना किसी भागदौड़ और बिना किसी बाधा के पूरा हो गया।
समर्थन मूल्य 3100 रुपये प्रति क्विंटल मिलने से उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। भोलाराम बताते हैं कि उचित समर्थन मूल्य से मिली यह कमाई उनके परिवार के सपनों को नई दिशा दे रही है। वर्तमान में वे अपने परिवार के लिए पक्का मकान बना रहे हैं और कहते हैं कि पहले जो सपने दूर लगते थे, वे अब सरकार की पारदर्शी और सुचारू धान खरीदी व्यवस्था की बदौलत साकार हो रहे हैं।
प्रदेश सरकार का लक्ष्य इस वर्ष धान खरीदी प्रक्रिया को पूरी तरह सुचारू, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाना है। किसान की समृद्धि ही प्रदेश की प्रगति का मूल आधार है, और सरकार इसी दिशा में दृढ़ता से कार्य कर रही है।

