छत्तीसगढ़
रायगढ़ में जातीय टिप्पणी को लेकर आक्रोश, “गांडा समाज” ने की कानूनी कार्रवाई की मांग
Edited By : गणपत चौहान
टेलीग्राफ टाइम्स
जुलाई 02,2025
रायगढ़, छत्तीसगढ़ | 2 जुलाई 2025:
जिले के तमनार तहसील अंतर्गत देवगढ़ केन्द्र से जुड़े “अठगंवा चौहान समाज अभय समिति” ने एक गंभीर सामाजिक मुद्दे को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। समिति ने आरोप लगाया है कि 26 जून 2025 को श्रीमती चन्द्रवती राठिया द्वारा IAN24 नामक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्लेटफार्म को दिए गए एक इंटरव्यू में “गांडा” और “घसिया” जातियों के विरुद्ध अपमानजनक, घृणास्पद और छुआछूत को बढ़ावा देने वाली टिप्पणी की गई है।
समिति के अध्यक्ष कार्तिक राम चौहान की अगुवाई में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि यह बयान न केवल गांडा समाज को सामूहिक रूप से अपमानित करता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ेगा। समिति के अनुसार, यह बयान श्रीमती राठिया द्वारा पूरी बुद्धि विवेक और होश में रहकर दिया गया है, जो सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने और जातीय तनाव को बढ़ावा देने का कार्य करता है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि श्रीमती राठिया के बयान से समाज में आक्रोश का माहौल है और यदि 7 दिवस के भीतर उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती, तो गांडा समाज प्रादेशिक स्तर पर वृहद आंदोलन करेगा।
ज्ञापन में समिति के अन्य पदाधिकारी जैसे उपाध्यक्ष तोप सिंह चौहान, कोषाध्यक्ष सहदेव चौहान, प्रमुख सलाहकार जीवन चौहान, उपसलाहकार ईश्वर प्रसाद चौहान और संरक्षक संतोष चौहान ने भी इस मांग का समर्थन किया है।
प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार
अब सबकी निगाहें रायगढ़ जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि वह इस प्रकरण में क्या रुख अपनाता है। सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों की प्रतिक्रिया भी इस मुद्दे पर सामने आने लगी है। स्थानीय स्तर पर शांति बनाए रखने के लिए प्रशासन को सटीक और समयबद्ध कार्रवाई करनी होगी।

