रायगढ़ नगर निगम ने स्वच्छता में लगाई लंबी छलांग: देश में 56वें स्थान पर मिला स्थान
By : गणपत चौहान/ छत्तीसगढ़
टेलीग्राफ टाइम्स
जुलाई 18,2025
रायगढ़।
भारत सरकार द्वारा जारी स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में रायगढ़ नगर निगम ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 3 लाख तक की जनसंख्या वाले शहरों की श्रेणी में रायगढ़ को देशभर में 56वां स्थान प्राप्त हुआ है। यह प्रदर्शन पिछले वर्ष की तुलना में बेहद सराहनीय है, जब रायगढ़ की रैंकिंग 95वीं थी। इस बार 39 पायदान की छलांग लगाकर रायगढ़ ने अपनी सफाई व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 का ऐलान
गुरुवार को भारत सरकार के शहरी आवासन एवं कार्य मंत्रालय द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 के परिणाम घोषित किए गए। इसमें देश के कुल 4889 शहरों ने विभिन्न श्रेणियों में भाग लिया। सर्वेक्षण में जनसंख्या के आधार पर शहरों को वर्गीकृत किया गया, जिसमें 50 हजार से 3 लाख तक की श्रेणी में रायगढ़ नगर निगम ने भाग लिया और देश के टॉप 100 शहरों में अपनी जगह बनाते हुए 56वां स्थान हासिल किया।
कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय की नेतृत्व क्षमता का परिणाम
नगर निगम के कमिश्नर श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय की नेतृत्व क्षमता और कड़ी मेहनत के चलते यह सुधार संभव हो सका। उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए टास्क बेस्ड समीक्षा, प्रातः भ्रमण, कर्मचारियों की उपस्थिति की निगरानी, और ऑफ्टर-बिफोर फोटो जैसी सशक्त कार्यप्रणाली को अपनाया। स्वयं फील्ड में उतरकर सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग की और तत्काल एक्शन लेकर व्यवस्था को दुरुस्त किया।
कमिश्नर ने बताया कि आने वाले समय में डोर टू डोर कचरा संग्रहण, कर्मचारियों की हाजिरी, और कार्य के घंटों को और प्रभावी बनाने पर कार्य किया जाएगा, जिससे स्वच्छता रैंकिंग में और सुधार हो सके।
महापौर का संदेश: और आगे बढ़ेगा रायगढ़
रायगढ़ के महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि –
“पिछले वर्ष की तुलना में रायगढ़ ने 39 पायदान ऊपर चढ़कर 56वां स्थान हासिल किया है। यह नगर निगम, सफाई कर्मचारियों और शहरवासियों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। अब लक्ष्य है कि आने वाले समय में रायगढ़ को टॉप 10 में लाया जाए।”
उन्होंने यह भी कहा कि सभी वार्डों में समान सफाई व्यवस्था, जन-जागरूकता, और सार्वजनिक भागीदारी के जरिए रायगढ़ को स्वच्छता के नए आयाम पर ले जाया जाएगा।
स्वच्छता रैंकिंग की श्रेणियां
स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में देशभर के 4889 शहरों ने भाग लिया था, जिन्हें निम्नलिखित श्रेणियों में बांटा गया था:
- 20,000 से 50,000 की जनसंख्या
- 50,000 से 3 लाख की जनसंख्या
- 3 लाख से 5 लाख की जनसंख्या
- 5 लाख से 10 लाख की जनसंख्या
- 10 लाख से अधिक महानगर
इन श्रेणियों के आधार पर आंकलन कर टॉप 100 शहरों की सूची जारी की गई, जिसमें रायगढ़ नगर निगम का नाम 56वें स्थान पर दर्ज हुआ।