रायगढ़: जिंदल रोड पर भीषण सड़क हादसा, अडानी के डीजीएम की मौत
— बनारस निवासी सत्यनारायण सिंह का सफेद फोर्ड कार से हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी
रिपोर्ट: टेलीग्राफ टाइम्स रायगढ़
By : गणपत चौहान
टेलीग्राफ टाइम्स
अगस्त 02,2025
रायगढ़। शहर के ढिमरापुर स्थित जिंदल रोड पर शनिवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में अडानी कंपनी के डिप्टी जनरल मैनेजर (डीजीएम) की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बनारस निवासी 46 वर्षीय सत्यनारायण सिंह, पिता मृत्युंजय सिंह, के रूप में हुई है, जो ग्राम बड़े भंडार स्थित अडानी कंपनी में डीजीएम पद पर कार्यरत थे।
हादसा कैसे हुआ
सूत्रों के अनुसार, शनिवार देर रात लगभग 1 बजे सत्यनारायण सिंह अपनी सफेद रंग की फोर्ड फिगो क्लासिक (वाहन क्रमांक CG 13 CA 0416) से जिंदल रोड पर एनआर कंपनी के पास बने खतरनाक मोड़ से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे लगे एनआर इस्पात के बोर्ड से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना
हादसे के तुरंत बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने देखा कि चालक के सिर से लगातार खून बह रहा है और वह बेहोश हो चुका है। उन्होंने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी।
रात्रिकालीन गश्त पर मौजूद कोतरा रोड पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को ओपी जिंदल फोर्टिस अस्पताल ले गई। लेकिन डॉक्टरों ने प्राथमिक परीक्षण में ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पहचान में समय लगा
दुर्घटना में मृतक की पहचान करने में पुलिस को काफी समय लगा। दस्तावेजों की जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि मृतक सत्यनारायण सिंह बनारस के रहने वाले थे और अडानी कंपनी में डीजीएम के पद पर कार्यरत थे।
सीसीटीवी फुटेज मिला
पुलिस जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में कार के दुर्घटनाग्रस्त होने के स्पष्ट दृश्य मिले हैं। फुटेज में कार को तेज रफ्तार में आते हुए और एनआर इस्पात के बोर्ड से टकराते हुए देखा जा सकता है।
शव मर्च्यूरी में रखा गया
घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव को जिला चिकित्सालय के मर्च्यूरी रूम में रखा गया है। मृतक के परिजन बनारस से रायगढ़ आने वाले हैं, जिनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार, सड़क की स्थिति या किसी अन्य वजह से हुआ।