रातल्या से तेजाजी महाराज की पदयात्रा धूमधाम से रवाना
जयपुर, 2 सितम्बर। लोकेंद्र सिंह शेखावत। टेलीग्राफ टाइम्स
डिग्गी–मालपुरा मेगा हाईवे स्थित रेनवाल मांजी, रातल्या गांव के गुरूमहाराज मंदिर परिसर से मंगलवार को श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में तेजाजी महाराज की पदयात्रा रवाना हुई। यह पदयात्रा मनोहरियावाला स्थित तेजा मंदिर तक पहुंचेगी।
पदयात्रा शुरू होने से पहले परंपरानुसार जोत जलाकर तेजा ध्वज की पूजा-अर्चना की गई। जैसे ही यात्रा का शुभारंभ हुआ, पूरा वातावरण भक्ति के रंग में रंग गया।
स्थानीय निवासी दिनेश बागड़ा और रोशन शर्मा ने बताया कि यह रविवार को निकली 8वीं पदयात्रा है। इस दौरान महिलाएँ तेजाजी महाराज के मंगत गीत गाते हुए पूजा-अर्चना करती नजर आईं। वहीं युवा और अन्य श्रद्धालु डीजे पर तेजाजी महाराज के भजनों पर नाचते-झूमते हुए यात्रा में शामिल हुए।
यात्रा मार्ग में ग्रामीणों ने जगह-जगह स्वागत कर पदयात्रियों को प्रसाद वितरित किया। यात्रा गांव के मंदिरों और मुख्य मार्गों से होती हुई तेजा धाम की ओर अग्रसर हुई।
इस अवसर पर लालचंद शर्मा, शंकर बागड़ा, गणेश शर्मा, मंहत मोरदास, संजय शर्मा, विनोद बागड़ा, कृष्ण बागड़ा सहित अनेक भक्तगण मौजूद रहे।