राज्य स्तरीय फसल कटाई प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न
By : सुनील शर्मा
टेलीग्राफ टाइम्स
जयपुर, 8 अगस्त 2025 —
राजस्व मण्डल राजस्थान, अजमेर की ओर से शुक्रवार को राज्य स्तरीय फसल कटाई प्रयोग प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) एवं सामान्य फसल अनुमान सर्वेक्षण (GCES) के तहत खरीफ वर्ष 2025-26 में होने वाले फसल कटाई प्रयोगों की तैयारी के लिए आयोजित हुआ।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस प्रशिक्षण की अध्यक्षता निदेशक (सांख्यिकी) श्रीमती बीना वर्मा ने की। कार्यक्रम में प्रदेश के सभी जिलों के राजस्व, सांख्यिकी और कृषि विभाग से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
प्रशिक्षण के दौरान राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर शिव कुमार भाकर, सहायक सांख्यिकी अधिकारी, ने GCES के वेब पोर्टल और मोबाइल एप्लीकेशन के संचालन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये डिजिटल प्लेटफॉर्म फसल कटाई प्रयोगों के डाटा को सटीक, पारदर्शी और समय पर एकत्र करने में मदद करेंगे।
जिलों की ओर से पूछे गए सवालों के समाधान श्री रमेश कुमार दायमा, सांख्यिकी अधिकारी, और शिव कुमार भाकर, सहायक सांख्यिकी अधिकारी, ने संयुक्त रूप से दिए। वहीं, कृषि विभाग के प्रतिनिधि ने CCE AGRI APP के उपयोग और उससे जुड़े तकनीकी पहलुओं पर जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में रामेश्वर कड़वा, सांख्यिकी अधिकारी, और श्रीमती पिंकी वैष्णव, संगणक, भी उपस्थित रहे। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि इस प्रशिक्षण से जिले स्तर पर कार्यरत सभी टीमों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और खरीफ 2025-26 के फसल अनुमान सर्वेक्षण व बीमा योजना में डाटा संग्रहण अधिक सटीकता के साथ पूरा किया जा सकेगा।