राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर जयपुर जिले में व्यापक स्वच्छता अभियान
जिला कलेक्ट्रेट में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिया स्वच्छता का संदेश
| नरेश गुनानी
जयपुर, 16 दिसंबर। राजस्थान सरकार के सफलतापूर्वक दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मंगलवार को जयपुर जिले में व्यापक स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत जिले के समस्त राजकीय कार्यालयों, अस्पतालों, विद्यालयों एवं अन्य शासकीय भवनों में विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों की अनुपालना में जयपुर जिला प्रशासन द्वारा इस अभियान को प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया गया। जिला कलेक्ट्रेट परिसर में जिला कलक्टर जितेन्द्र कुमार सोनी के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक श्रमदान करते हुए स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।
अभियान के दौरान जिला कलेक्ट्रेट परिसर के कार्यालय कक्षों, बरामदों, रिकॉर्ड रूम, पार्किंग स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों की गहन सफाई की गई। लंबे समय से अनुपयोगी पड़ी फाइलों, कबाड़ और अनावश्यक सामग्री का चिन्हांकन कर उनका विधिवत निस्तारण किया गया, जिससे कार्यालयों में स्वच्छता के साथ-साथ सुव्यवस्था और कार्यकुशलता में भी वृद्धि हो सके।
जिला कलेक्ट्रेट के साथ-साथ जयपुर जिले के समस्त उपखंडों में भी उपखंड स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अपने-अपने कार्यालय परिसरों, अस्पतालों और अन्य राजकीय संस्थानों में विशेष सफाई अभियान संचालित किया गया। इस दौरान स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया और स्वच्छता से जुड़ी अच्छी कार्यप्रणालियों को अपनाने का संदेश दिया गया।
स्वच्छता अभियान के अंतर्गत आमजन को भी स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छ परिवेश, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाया जाना चाहिए।
इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल एक दिन या एक कार्यक्रम तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित यह व्यापक स्वच्छता अभियान स्वच्छ, स्वस्थ और सुसंस्कृत राजस्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

