राज्य सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार हेतु कोटपुतली-बहरोड़ में विकास रथ रवाना
सरकार ने हर वर्ग के उत्थान के लिए किए ठोस कार्य, सभी क्षेत्रों में विकास को मिली गति – राजस्व, उपनिवेशन एवं सैनिक कल्याण राज्यमंत्री
| नरेश गुनानी
13 दिसम्बर 2025, 04:54 PM
जयपुर, 13 दिसम्बर।
राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से कोटपुतली-बहरोड़ जिले में विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। राजस्व, उपनिवेशन एवं सैनिक कल्याण राज्यमंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री विजय सिंह चौधरी ने शनिवार को कोटपुतली स्थित राजकीय एलबीएस महाविद्यालय परिसर से विधानसभा वार चार विकास रथों को रवाना किया।
उन्होंने कहा कि विकास रथों के माध्यम से राज्य सरकार की योजनाओं, नीतियों और विकास कार्यों की जानकारी घर-घर तक पहुंचेगी। सरकार आमजन के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और जनता को अपने कार्यों का रिपोर्ट कार्ड देना सरकार की जिम्मेदारी है। इसी भावना के तहत पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी सुशासन का रिपोर्ट कार्ड जनता के समक्ष रखा गया है।
जिला प्रभारी मंत्री ने बताया कि विकास रथ प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचकर आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ेंगे। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा विकास रथों में उपलब्ध सुझाव पेटिका के माध्यम से अपने सुझाव दें, जिन्हें आगामी बजट में समाहित किया जाएगा।
दो वर्ष में पूरे किए गए 70 प्रतिशत वादे
उन्होंने कहा कि सरकार ने जिन कार्यों को पांच वर्षों में पूरा करने का संकल्प लिया था, उनमें से लगभग 70 प्रतिशत कार्य मात्र दो वर्षों में ही पूर्ण कर लिए गए हैं। जल और बिजली के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। किसानों को अन्नदाता के साथ-साथ ऊर्जादाता बनाया गया है। ऊर्जा क्षेत्र में किए गए नवाचारों के परिणामस्वरूप प्रदेश के 22 जिलों में दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में विकास की गति तेज हुई है। गत दो वर्षों में लगभग 92 हजार सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। राइजिंग राजस्थान अभियान के अंतर्गत प्रदेश में 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू किए गए, जिनमें से 8 लाख करोड़ रुपये के एमओयू की ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है।
जनकल्याणकारी योजनाओं से सशक्त हो रहा आमजन
राज्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत 25 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत 70 लाख जरूरतमंदों को जोड़ा गया है। गरीब परिवारों की महिलाओं को 450 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत बालिकाओं को 1.50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए दृढ़ संकल्पित है और अंत्योदय की भावना के तहत अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कोटपुतली-बहरोड़ जिले में विकास कार्यों की उल्लेखनीय प्रगति
उन्होंने बताया कि बीते दो वर्षों में कोटपुतली-बहरोड़ जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। कृषि एवं किसान कल्याण के अंतर्गत तारबंदी योजना में 2 लाख 27 हजार मीटर तारबंदी कार्य पूर्ण किया गया। निःशुल्क मिनीकिट वितरण योजना में 97 हजार 480 मिनीकिट वितरित किए गए। पीएम-कुसुम योजना के तहत 257 सौर पंप स्थापित किए गए।
सूर्यघर योजना के अंतर्गत 751 घरों की छतों पर 2,334 किलोवाट क्षमता के सोलर संयंत्र लगाए गए। राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत 50 हेक्टेयर क्षेत्र में नए बगीचे विकसित किए गए। ग्रामीण विकास और जल प्रबंधन के अंतर्गत मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.1 में 947 कार्य पूर्ण किए गए, जिन पर 1,563.10 लाख रुपये व्यय किए गए।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।