राज्य युवा नीति–2026: युवाओं के सशक्त भविष्य के लिए रोडमैप तैयार, विभागों के बीच समन्वय पर जोर
| नरेश गुनानी
जयपुर, 28 जनवरी। राजस्थान सरकार द्वारा युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए तैयार की गई ‘राज्य युवा नीति–2026’ के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु बुधवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में एक महत्वपूर्ण अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शासन सचिव, युवा मामले एवं खेल विभाग तथा अध्यक्ष राजस्थान युवा बोर्ड, नीरज के पवन ने की। इस दौरान नीति के रणनीतिक ढांचे और क्रियान्वयन तंत्र पर विस्तार से चर्चा की गई।
युवा केवल लाभार्थी नहीं, विकास के सहभागी: नीरज के पवन
बैठक को संबोधित करते हुए नीरज के पवन ने कहा कि राज्य युवा नीति–2026 का मुख्य लक्ष्य युवाओं को केवल सरकारी योजनाओं के लाभार्थी तक सीमित न रखकर उन्हें विकास की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागी बनाना है। नीति के तहत 15 से 29 वर्ष के आयु वर्ग के युवाओं पर ध्यान केंद्रित किया गया है। इसका उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, डिजिटल दक्षता, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है।
सात एकीकृत फोकस क्षेत्रों पर चर्चा
बैठक में वर्ष 2026 से 2031 तक के लिए निर्धारित सात प्रमुख क्षेत्रों और उनके मापनीय लक्ष्यों पर विशेष बल दिया गया:
- नेतृत्व एवं सामाजिक जिम्मेदारी: युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना।
- डिजिटल सशक्तिकरण: डिजिटल साक्षरता और उभरती तकनीकों (Emerging Technologies) में दक्षता।
- शिक्षा एवं कौशल विकास: गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ उद्योग-अनुकूल कौशल प्रशिक्षण।
- रोजगार एवं उद्यमिता: स्वरोजगार, स्टार्टअप संस्कृति और वित्तीय सहयोग को बढ़ावा देना।
- खेल, स्वास्थ्य एवं कल्याण: शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य, खेल इंफ्रास्ट्रक्चर और नशा-मुक्ति।
- संस्कृति एवं विरासत: राजस्थान की लोक कला और पर्यटन से युवाओं का जुड़ाव।
- समावेशन एवं समानता: महिला, दिव्यांग, एससी-एसटी और वंचित वर्ग के युवाओं को समान अवसर।
विभागीय योजनाओं के संरेखण के निर्देश
नीरज के पवन ने विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों को इस नई युवा नीति के लक्ष्यों के अनुरूप संरेखित (Align) करें। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं की डिजिटल पहुंच बढ़ाने और नवाचार के लिए अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र (Eco-system) विकसित करने पर जोर दिया।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
इस महत्वपूर्ण बैठक में सचिव राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद, उप शासन सचिव युवा मामले एवं खेल विभाग नीतू बारूपाल, विक्रम गुप्ता सहित वन एवं पर्यावरण, आयुर्वेद, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, शिक्षा, कला-संस्कृति, कौशल नियोजन, सामाजिक न्याय, सूचना प्रौद्योगिकी और महिला अधिकारिता विभाग के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

