राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने मंत्रिपरिषद साथियों संग किया कार्ल्सबर्ग मुख्यालय का दौरा
राजस्थान के जौ उत्पादक किसानों की आय बढ़ाने के उपायों पर हुई विस्तृत चर्चा
जयपुर, 09 अक्टूबर 2025 • नरेश गुनानी वरिष्ठ पत्रकार
राजस्थान के पशुपालन राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने मंत्रिपरिषद के अपने साथियों पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री ओटा राम देवासी के साथ डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन स्थित कार्ल्सबर्ग ग्रुप मुख्यालय का दौरा किया। यह दौरा छह दिवसीय डेनमार्क अध्ययन यात्रा का हिस्सा रहा, जिसमें वरिष्ठ अधिकारी और प्रदेश के प्रगतिशील किसान भी शामिल हुए।

मंत्री समूह ने कार्ल्सबर्ग मुख्यालय पहुँचने पर वहाँ के मुख्य द्वार पर बने हाथी और स्वास्तिक के प्रतीक चिन्ह को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि यह प्रतीक भारतीय संस्कृति की गहराई और उसके वैश्विक प्रभाव का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा —
“भारतीय संस्कृति दुनिया की सर्वश्रेष्ठ संस्कृति है। हमारे शुभ और कल्याण के प्रतीक आज भी विश्वभर में सम्मान के साथ प्रतिष्ठित हैं।”
उन्होंने बताया कि भारतीय परंपरा में स्वास्तिक शुभ और कल्याण का प्रतीक माना जाता है, जबकि हाथी शक्ति, बुद्धि, उर्वरता और सौभाग्य का प्रतीक है। इन दोनों का भारतीय धर्म, कला और वास्तुकला में विशेष स्थान रहा है।
इस अवसर पर मंत्री समूह ने कार्ल्सबर्ग ग्रुप के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर राजस्थान के जौ उत्पादक किसानों की उत्पादकता बढ़ाने और आय में सुधार के उपायों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में राजस्थान में उच्च गुणवत्ता वाले जौ उत्पादन को बढ़ावा देने, आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने, अनुबंध आधारित खरीद व्यवस्था और मूल्य संवर्धन जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
राज्य प्रतिनिधिमंडल ने कार्ल्सबर्ग ग्रुप से राजस्थान के किसानों के साथ दीर्घकालिक सहयोग और निवेश की संभावनाओं पर भी चर्चा की, ताकि स्थानीय स्तर पर कृषि आधारित उद्योगों का विकास हो सके और ग्रामीण युवाओं को रोजगार के अवसर मिलें।
डेनमार्क प्रवास के दौरान मंत्री समूह द्वारा दुग्ध उत्पादन, पशु स्वास्थ्य प्रबंधन और कृषि नवाचारों से संबंधित अन्य संस्थानों का भी दौरा किया जाएगा।