राज्य की विशिष्ट केंद्रीय कारागृह श्यालावास में अभिनव पहल — ‘नो योर प्रिजनर’ कार्यक्रम से बंदियों में जागरूकता और सुधार की दिशा में बड़ा कदम

राज्य की विशिष्ट केंद्रीय कारागृह श्यालावास में अभिनव पहल — ‘नो योर प्रिजनर’ कार्यक्रम से बंदियों में जागरूकता और सुधार की दिशा में बड़ा कदम

जयपुर/दौसा, 05 अक्टूबर | गौरव कोचर 
राजस्थान के कारागार विभाग ने सुधारात्मक प्रशासन की दिशा में एक अनूठी पहल करते हुए राज्य की एकमात्र विशिष्ट केंद्रीय कारागृह श्यालावास में रविवार को ‘नो योर प्रिजनर (KYP)’ कार्यक्रम का आयोजन किया। ‘नो योर कस्टमर (KYC)’ की तर्ज पर तैयार इस कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों को बेहतर ढंग से जानना, समझना और उनकी व्यक्तिगत व सामाजिक पुनर्वास संभावनाओं को पहचानना रहा।

कार्यक्रम में सवा चार सौ से अधिक बंदियों ने भाग लिया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक पारस जांगिड़ एवं जेलर विकास बागोरिया ने बंदियों को संबोधित करते हुए कारागार विभाग की व्यवस्थाओं, राज्य सरकार द्वारा निर्धारित सुविधाओं तथा बंदियों के अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

अधिकारियों ने बंदियों को रेमिशन, मुलाक़ात व्यवस्था, जेल अपराध एवं दंड प्रक्रिया, राशन प्रणाली, जेल अस्पताल, उद्योगशाला, बंदी मजदूरी, खुला बंदी शिविर, पैरोल एवं समयपूर्व रिहाई से जुड़े नियमों की जानकारी प्रदान की। साथ ही यह चेतावनी भी दी गई कि यदि कोई बंदी जेल परिसर से किसी प्रकार का अपराध संचालित करेगा, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम के अंतर्गत जेल प्रशासन ने प्रत्येक बंदी की आधारभूत जानकारी संकलित की और उनकी प्रतिभाओं एवं कौशलों का आकलन किया। इसमें बढ़ई, दर्जी, पेंटर, रसोइया, प्लंबर, इलेक्ट्रीशियन, लेखक, शिक्षक, कंप्यूटर जानकार, खिलाड़ी, योग प्रशिक्षक, लाइब्रेरियन एवं नर्सिंग कार्य में दक्ष बंदियों की पहचान की गई।

इन बंदियों को उनके आचरण और रुचि के अनुरूप कार्य देकर जेल सुधारात्मक योजनाओं में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस पहल को मुख्यालय कारागार विभाग द्वारा “बेस्ट प्रैक्टिस मॉडल” के रूप में मान्यता दी गई है।

कार्यक्रम के समापन पर सभी बंदियों ने राष्ट्रगान गाया और “भारत माता की जय” के जयघोष से वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।

इस अवसर पर डिप्टी जेलर दिलावर खान, प्लाटून कमांडर मनेश कुमार, मुख्य प्रहरी ओमप्रकाश शर्मा, प्रकाश चंद शर्मा, कमलेश मीणा, ओमप्रकाश वर्मा, पुखराज हुड्डा, सुरेन्द्र सिंह सहित जेल सेवा में कार्यरत बंदियों — संदीप गुप्ता, नितिन, दिनेश, रामप्रसाद, महेश, कमलेश सैनी आदि का विशेष योगदान रहा।

यह अभिनव पहल राजस्थान कारागार विभाग की उस सोच को दर्शाती है, जो केवल दंडात्मक नहीं बल्कि सुधारात्मक और पुनर्वासमुखी न्याय व्यवस्था की ओर अग्रसर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related

जयपुर में ‘एनपीएस संचय आउटरीच कार्यक्रम’ का सफल आयोजन

किसानों, ग्रामीण उद्यमियों और कृषि हितधारकों को मिला सुरक्षित...

पुष्कर के वल्लभ घाट पर अन्नकूट महोत्सव एवं महाआरती आज

अखण्ड भूमण्डलाचार्य वल्लभाचार्य महाप्रभुजी की 74वीं बैठक में होंगे...