राज्यमंत्री एवं सांसद ने ग्रामीण सेवा शिविर में पात्र लोगों को दस्तावेज वितरित किए

राज्यमंत्री एवं सांसद ने ग्रामीण सेवा शिविर में पात्र लोगों को दस्तावेज वितरित किए

नरेश गुनानी •
सिरोही, 25, अक्टूबर।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार 17 सितम्बर से चलाए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविर के तहत शुक्रवार को सिरोही जिले की ग्राम पंचायत कृष्णगंज में राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 19 विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे और आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

शिविर में ग्रामीण विकास, आपदा प्रबंधन और पंचायतीराज मंत्री ओटाराम देवासी तथा सांसद लुम्बाराम चौधरी ने पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से संबंधित दस्तावेज वितरित किए। इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया और प्रशासनिक अधिकारियों एवं कार्मिकों को योजनाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने के निर्देश दिए।

शिविर में कुल 5 पट्टा वितरण, 8 मंगला पशु बीमा, 2 गोद भराई, विवाह पंजीकरण, जन्म-मृत्यु पंजीकरण और पेंशन सत्यापन जैसे कार्य संपन्न हुए। कार्यक्रम में विकास अधिकारी मंछाराम, प्रशासक सरूदेवी देवासी, तहसीलदार जगदीश, नायब तहसीलदार एवं अतिरिक्त विकास अधिकारी महिपाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

लुंगी देवी को मिला पट्टा —
पंचायत समिति सिरोही की ग्राम पंचायत कृष्णगंज में आयोजित शिविर में लाभार्थी लुंगी देवी पत्नी सरपुराराम रेबारी को आवासीय पट्टा प्रदान किया गया। पट्टा प्राप्त कर लुंगी देवी ने प्रसन्नता व्यक्त की और राज्य सरकार व प्रशासन का धन्यवाद करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीणों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।

शिविर में हुआ हाथों-हाथ नाम शुद्धिकरण —
पंचायत समिति पिंडवाड़ा की ग्राम पंचायत अचपुरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में प्रमिला कुंवर पत्नी अर्जनसिंह ने राजस्व रिकॉर्ड में नाम शुद्धिकरण के लिए आवेदन किया। राजस्व अधिकारियों द्वारा मौके पर ही नाम शुद्ध किया गया, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली। प्रमिला कुंवर ने सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब वे राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ ले सकेंगी।

मंगला पशु बीमा योजना के तहत हुआ दो पशुओं का बीमा —
पंचायत समिति आबूरोड की ग्राम पंचायत भैसासिंह में आयोजित शिविर में लाभार्थी ऊषा देवी ने मंगला पशु बीमा योजना के तहत अपने दो दुधारू पशुओं का बीमा करवाया। योजना के अंतर्गत, यदि आगामी वर्ष में किसी कारणवश पशु की मृत्यु होती है, तो उन्हें प्रति पशु 36,000 रुपये की सहायता राशि प्राप्त होगी। ऊषा देवी ने इस योजना के लिए राज्य सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related