जयपुर/ सुनील शर्मा/राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने रविवार को ‘विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत युवाओं को ‘नशामुक्त युवा’ की शपथ दिलाई। जयपुर स्थित सुबोध कॉलेज में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर के एक करोड़ युवाओं के लिए नशा मुक्ति के संबंध में दिए गए संदेश का लाइव प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित युवाओं और गणमान्य नागरिकों ने देखा व सुना।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि नशा जीवन का पूरी तरह नाश कर देता है, इसलिए इसके उन्मूलन के लिए समाज के सभी स्तरों पर ठोस और निरंतर प्रयास किए जाने आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं से मादक पदार्थों से दूर रहने की अपील करने के साथ ही नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और आपूर्ति में लिप्त लोगों को पकड़वाने में पुलिस व प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया।
सीमा पार से होने वाली तस्करी पर चिंता व्यक्त करते हुए राज्यपाल ने कहा कि ड्रोन के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्रों में भेजे जाने वाले नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए कड़ी प्रशासनिक कार्यवाही की जानी चाहिए। उन्होंने इस कार्य में आम जनता की सहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में ‘नशामुक्त राजस्थान’ के संकल्प को साकार करने के लिए एक निश्चित माह निर्धारित कर व्यापक स्तर पर अभियान चलाने का सुझाव भी दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार राज्य को नशामुक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने इस सामाजिक बुराई को खत्म करने के लिए जन-जन से सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा, प्रशासनिक अधिकारी और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रदेश को नशा मुक्त बनाने और ‘विकसित भारत’ के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।