जयपुर, 16 सितम्बर/ सुनील शर्मा/राजस्थान की प्रधान महालेखाकार मणि के. ने बुधवार को राजभवन पहुंचकर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे से औपचारिक शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को राज्य के राजस्व, प्राप्तियों और सार्वजनिक व्यय से संबंधित वार्षिक लेखा परीक्षा (ऑडिट) रिपोर्ट औपचारिक रूप से प्रस्तुत की।
मुलाकात के दौरान राज्य के वित्तीय प्रबंधन, बजट आवंटन और राजस्व व्यय की स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रधान महालेखाकार ने रिपोर्ट के प्रमुख निष्कर्षों, विभिन्न विभागों के वित्तीय लेन-देन, पारदर्शिता और लोक-धन के समुचित उपयोग को लेकर किए गए ऑडिट विश्लेषण की जानकारी राज्यपाल को दी।
संवैधानिक प्रावधानों के तहत कैग (CAG) की ओर से तैयार की गई यह वार्षिक लेखा परीक्षा रिपोर्ट राज्य सरकार के वित्तीय स्वास्थ्य और विभिन्न योजनाओं में धन के उपयोग का वास्तविक लेखा-जोखा दर्शाती है। राज्यपाल से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद इस रिपोर्ट को आगामी विधानसभा सत्र में पटल पर रखा जाएगा, ताकि जनहित में लोक लेखा समिति (PAC) द्वारा वित्तीय विसंगतियों और व्यवस्थागत सुधारों पर आगे की समीक्षा की जा सके।