राज्यपाल से नव नियुक्त कुलगुरु प्रो. मदन मोहन झा ने की शिष्टाचार भेंट
नरेश गुनानी
01 दिसंबर 2025, जयपुर।
जगद्गुरु रामानंदाचार्य राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय, जयपुर के नव नियुक्त कुलगुरु प्रो. मदन मोहन झा ने सोमवार को राजभवन पहुंचकर राज्यपाल एवं कुलाधिपति हरिभाऊ बागडे से शिष्टाचार भेंट की।
कुलगुरु पदभार ग्रहण करने के बाद यह प्रो. झा की राज्यपाल से पहली औपचारिक मुलाकात थी। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय की वर्तमान शैक्षणिक गतिविधियों, आगामी शैक्षिक सत्र की योजनाओं तथा संस्कृत शिक्षा को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने के लिए संस्थान द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
राज्यपाल ने नव नियुक्त कुलगुरु को अपनी शुभकामनाएं देते हुए शिक्षण, अनुसंधान और संस्कृत भाषा के संवर्धन के क्षेत्र में विश्वविद्यालय को अग्रणी बनाने के लिए नवाचारपूर्ण कदम उठाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संस्कृत भारतीय ज्ञान–परंपरा की आधारशिला है और इसके प्रचार-प्रसार में विश्वविद्यालय की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
प्रो. झा ने आश्वस्त किया कि विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारंपरिक ज्ञान के आधुनिक संदर्भों में अध्ययन तथा विद्यार्थियों को अनुसंधान के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य करेगा।
भेंट के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।