राज्यपाल बागडे के निर्देश पर जारी अधिसूचना, अब राजभवन कहलाएगा ‘लोकभवन’
02 दिसम्बर 2025 | जयपुर
| नरेश गुनानी
राजस्थान में एक ऐतिहासिक बदलाव करते हुए राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने राजभवन का नया नाम ‘लोकभवन’ घोषित किया है। इस संबंध में जारी अधिसूचना 1 दिसम्बर 2025 से प्रभावी मानी जाएगी। अधिसूचना के अनुसार अब राज्यपाल का कार्यस्थल और आवासीय परिसर ‘राजभवन’ के स्थान पर ‘लोकभवन’ के नाम से पहचाना जाएगा।
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि यह बदलाव औपनिवेशिक मानसिकता से निकलकर लोकतांत्रिक भारतीय संस्कृति की ओर आगे बढ़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक राष्ट्र है और हमारे संविधान की उद्देशिका ‘हम भारत के लोग’ शब्दों से शुरू होती है। ऐसे में लोकतंत्र में ‘लोक’ ही सर्वोपरि है और इसी सोच को केंद्र में रखते हुए ‘लोकभवन’ नाम को चुना गया है।
राज्यपाल बागडे ने कहा कि नया नामकरण केवल औपचारिक परिवर्तन नहीं है, बल्कि यह जनता की भावनाओं और उनकी आकांक्षाओं का प्रतीक है। उनके अनुसार ‘राज’ शब्द औपनिवेशिक दौर की याद दिलाता है और केंद्र सरकार की पहल पर इस अवशेष को हटाते हुए अधिक लोकतांत्रिक और जन-केंद्रित शब्द ‘लोकभवन’ को अपनाया गया है।
नए नाम के लागू होते ही अब दस्तावेजों, पत्राचार, कार्यक्रमों तथा सरकारी संचार में ‘राजभवन’ की जगह ‘लोकभवन’ का प्रयोग किया जाएगा। यह परिवर्तन शासन में जन-संवेदना और लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।