नरेश गुनानी/प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के संकल्प को गति देने और राज्य की शहरी सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए राजस्थान सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व और स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के निर्देशन में स्वायत्त शासन विभाग ने 24,752 संविदा सफाई कर्मचारियों के पदों पर सीधी भर्ती की घोषणा की है।
इस भर्ती का मुख्य उद्देश्य स्वच्छ, स्वस्थ एवं सशक्त नगरीय निकायों का निर्माण करना तथा स्वच्छता व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करना है। भर्ती से जुड़ी प्रक्रियाएं राजस्थान कॉन्ट्रैक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट्स रूल्स, 2022 के तहत संपन्न होंगी।
भर्ती से जुड़ी महत्वपूर्ण तिथियां और आवेदन प्रक्रिया
स्वायत्त शासन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार भर्ती की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है:
-
- आवेदन शुरू होने की तिथि: 15 अगस्त
- आवेदन की अंतिम तिथि: 28 सितम्बर (रात्रि 11:59 बजे तक)
- वेबसाइट: विस्तृत विज्ञापन, निकायवार रिक्तियों का ब्योरा और आवेदन पत्र विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध हैं।
विशेष नियम: अभ्यर्थी केवल एक ही नगरीय निकाय के लिए आवेदन कर सकता है। एक से अधिक निकायों में आवेदन करने पर अभ्यर्थी के सभी आवेदन स्वतः निरस्त कर दिए जाएंगे।
पात्रता एवं आयु सीमा
इस भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता की कोई बाध्यता नहीं रखी गई है, जिससे जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले अभ्यर्थियों को सीधा अवसर मिल सके।
-
-
- मूल निवास: अभ्यर्थी का राजस्थान का मूल निवासी होना अनिवार्य है।
- शैक्षणिक योग्यता: कोई शैक्षणिक योग्यता निर्धारित नहीं है।
- आयु सीमा: 1 जनवरी 2027 को न्यूनतम 21 वर्ष तथा अधिकतम 40 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
- जनाधार कार्ड: अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन करने से पूर्व अपना जनाधार कार्ड अद्यतन (Update) अवश्य करा लें।
-
अनुभव प्रमाण-पत्र से संबंधित अनिवार्य शर्तें
भर्ती में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी के पास सफाई कार्य का न्यूनतम एक वर्ष का अनुभव होना आवश्यक है:
-
-
- अवधि: एक वर्ष का अनुभव लगातार या अलग-अलग अवधि को मिलाकर हो सकता है।
- जारीकर्ता: प्रमाण-पत्र संबंधित नगरीय निकाय या अधिकृत संस्था द्वारा निर्धारित प्रारूप में जारी होना चाहिए।
- वैधता सीमा: अनुभव प्रमाण-पत्र 1 अगस्त 2026 के बाद और आवेदन की अंतिम तिथि से पूर्व जारी किया गया होना चाहिए। इससे पूर्व जारी किए गए प्रमाण-पत्र अमान्य होंगे।
-
चयन प्रक्रिया और प्राथमिकता (लॉटरी सिस्टम)
संविदा सफाई कर्मचारियों का चयन सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग (DoIT&C) द्वारा विकसित ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के माध्यम से लॉटरी प्रक्रिया द्वारा किया जाएगा।
-
-
- प्रथम प्राथमिकता: जिस नगरीय निकाय के लिए आवेदन किया गया है, उसी निकाय में 1 वर्ष का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को।
- द्वितीय प्राथमिकता: पद रिक्त रहने पर संबंधित जिले के अन्य निकायों में अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को।
- तृतीय प्राथमिकता: तत्पश्चात राज्य के अन्य नगरीय निकायों में अनुभव रखने वाले पात्र अभ्यर्थियों को शामिल किया जाएगा।
-
सेवा सुरक्षा एवं नियमितीकरण का प्रावधान
राज्य सरकार ने इन पदों पर चयनित होने वाले कार्मिकों के लिए दीर्घकालिक सेवा सुरक्षा का प्रावधान किया है:
-
- मूल्यांकन उपरांत नियमितीकरण: राजस्थान कॉन्ट्रैक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट्स रूल्स, 2022 के तहत संविदा पर कार्य करने वाले कार्मिकों की संतोषजनक सेवा पूर्ण होने पर उनके कार्य का मूल्यांकन किया जाएगा। मूल्यांकन में सफल रहने वाले कार्मिकों को नियमानुसार नियमित नियुक्ति दी जाएगी।
- उच्च न्यायालय के आदेशों का पालन: राजस्थान उच्च न्यायालय द्वारा पूर्व की सफाई भर्ती प्रक्रियाओं के संबंध में दिए गए ऐसे आदेशों—जिनमें प्राथमिकता या नियमितीकरण के निर्देश हैं—उन्हें नियमानुसार प्राथमिकता दी जाएगी (शर्त यह है कि अभ्यर्थी ने उसी नगरीय निकाय में आवेदन किया हो)।