राजस्थान स्टेट ओबीसी कांग्रेस एडवाइजरी काउंसिल का गठन
18 सितंबर 2025, लोकेंद्र सिंह शेखावत, टेलीग्राफ टाइम्स।
जयपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के ओबीसी विभाग द्वारा राजस्थान में “राज्य ओबीसी कांग्रेस सलाहकार परिषद” का गठन किया गया है। एआईसीसी ओबीसी विभाग के अध्यक्ष अनिल जयहिंद ने इस परिषद का गठन किया। वहीं, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस ओबीसी विभाग के अध्यक्ष हरसहाय यादव को परिषद का कन्वीनर नियुक्त किया गया है।
इस सलाहकार परिषद में पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री व एआईसीसी महासचिव सचिन पायलट, दो सांसद, 10 विधायक, तीन एआईसीसी सचिव तथा ओबीसी समाज से जुड़े वरिष्ठ नेता राजेंद्र सेन, ललित तुनवाल, सुरेंद्र कुमावत, राजेश चौधरी, महेंद्र गहलोत, पुखराज पारासर, संतोष डूडी सहित अनेक प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है।
परिषद का उद्देश्य
यह परिषद कांग्रेस नेता राहुल गांधी के “जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी” अभियान के तहत ओबीसी वर्ग की वंचित जातियों और समाजों को राजनैतिक, सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम करेगी। परिषद का मुख्य उद्देश्य सामाजिक न्याय, बराबरी और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।
स्वागत समारोह
राज्य सलाहकार परिषद के गठन के बाद श्यामनगर स्थित राजस्थान ओबीसी कार्यालय में एक स्वागत समारोह आयोजित हुआ। इस अवसर पर परिषद के कन्वीनर हरसहाय यादव और राष्ट्रीय ओबीसी नेता राजेंद्र सेन का पीसीसी सचिव माया सुवालका, नरेंद्र मारवाल, सुरेश खाटूवाल, लोकेश सैनी, सागर मावर, विजय सोनी, आर.एस. देव, रंजीत भार्गव समेत कई पदाधिकारियों और गणमान्य लोगों ने माला एवं साफा पहनाकर तथा मिठाई खिलाकर स्वागत किया।
नेताओं ने कहा कि यह परिषद ओबीसी वर्ग की समस्याओं के समाधान और उन्हें न्यायसंगत हिस्सेदारी दिलाने के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।