जयपुर/ नरेश गुनानी/राजस्थान विधानसभा में गुरुवार को राज्य विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष परसराम मदेरणा को भावभीनी पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस दौरान विधानसभा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें एक कुशल प्रशासक और जननेता के रूप में याद किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने परसराम मदेरणा को नमन करते हुए कहा कि वे एक अत्यंत अनुभवी और कुशल जनप्रतिनिधि थे। उन्होंने राजस्थान विधानसभा में अनुशासन, मर्यादा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती प्रदान की तथा सदन की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के अवसर पर राजस्थान विधानसभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा, वरिष्ठ उप सचिव संजीव कुमार शर्मा, उप सचिव नंदकिशोर शर्मा सहित विधानसभा के विभिन्न अधिकारियों और कर्मचारियों ने परसराम मदेरणा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
किसान राजनीति के कद्दावर नेता रहे मदेरणा
राजस्थान की राजनीति और विशेषकर किसान आंदोलन व जनसेवा में परसराम मदेरणा का योगदान अविस्मरणीय रहा है। वे 06 जनवरी 1999 से 15 जनवरी 2004 तक राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष पद पर आसीन रहे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने विधायी प्रक्रियाओं और संसदीय परंपराओं के उच्च मानक स्थापित किए।