नई दिल्ली/ सुनील शर्मा/राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से मुलाकात की। के. कामराज मार्ग स्थित केंद्रीय मंत्री के राजकीय निवास पर हुई इस शिष्टाचार भेंट के दौरान दोनों नेताओं ने राजस्थान से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों सहित संसदीय और विधायी कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया।
विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने केंद्रीय राज्य मंत्री मेघवाल को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिवादन किया और उन्हें राजस्थान विधानसभा आने का निमंत्रण दिया।
विधानसभा के नवाचारों और संविधान दीर्घा पर चर्चा
मुलाकात के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री को राजस्थान विधानसभा में विगत वर्षों में किए गए विभिन्न नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने विधानसभा की कार्यप्रणाली को आधुनिक, प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने के प्रयासों के बारे में बताया।
देवनानी ने विधानसभा परिसर स्थित ‘राजनीतिक आख्यान संग्रहालय’ में बनाई गई ‘संविधान दीर्घा’ का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि संविधान दीर्घा के जरिए देश के संविधान की निर्माण यात्रा, उसके ऐतिहासिक महत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों को प्रदर्शित किया गया है। वर्तमान में देश-विदेश से आने वाले प्रतिनिधिमंडलों के साथ-साथ राज्य के स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राएं इस संग्रहालय का अवलोकन कर रहे हैं।