राजस्थान में 383 सब इंस्पेक्टर पदों पर होगी भर्ती, जल्द शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
Edited By: सुनील शर्मा
टेलीग्राफ टाइम्स
मई 1, 2025
जयपुर:राजस्थान सरकार ने पांच साल बाद सब इंस्पेक्टर (SI) भर्ती को मंजूरी दे दी है। पुलिस विभाग में 383 पदों पर भर्ती के लिए राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) को प्रस्ताव भेजा गया है। इससे पहले वर्ष 2021 में हुई भर्ती पेपर लीक के कारण विवादों में रही थी, और अब तक चयनित अभ्यर्थियों को पोस्टिंग नहीं मिल सकी है।
इस बार भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए सरकार और RPSC विशेष सतर्कता बरत रहे हैं। एडीजी (R&PB हेडक्वार्टर) विपिन कुमार पांडेय ने कहा कि इस भर्ती से राज्य पुलिस बल को नई ऊर्जा मिलेगी और युवाओं को एक भरोसेमंद करियर का अवसर मिलेगा।
वहीं, 2021 की भर्ती को लेकर विवाद जारी है। टॉपर नरेश खिलेरी समेत 51 चयनित अभ्यर्थी गिरफ्तार हो चुके हैं। एसओजी और मंत्रिमंडलीय कमेटी ने परीक्षा रद्द करने की सिफारिश की है, लेकिन अंतिम निर्णय अब तक नहीं हुआ है। यह मामला राजस्थान हाईकोर्ट में लंबित है, जिसकी अगली सुनवाई 2 मई को होगी।
एसओजी ने अब तक 50 से अधिक डमी अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है और सभी फर्जी एसआई को निलंबित कर दिया गया है। जांच अभी जारी है और आगे भी कई खुलासे होने की संभावना है।

