राजस्थान में राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की 166वीं बैठक संपन्न
वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान और बैंकिंग सेवाओं की पहुंच पर जोर
By : गौरव कोचर
टेलीग्राफ टाइम्स
जयपुर, 9 अगस्त 2025 — राजस्थान में राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC) की 166वीं बैठक 8 अगस्त को जयपुर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यपालक निदेशक एवं समिति अध्यक्ष लाल सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान के मुख्य सचिव सुधांश पंत उपस्थित रहे। बैठक का संयोजन बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक एवं SLBC संयोजक एम. अनिल ने किया।
बैठक में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, भारतीय रिज़र्व बैंक, नाबार्ड और विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इसमें उद्योग, आयोजना, वित्त, खेल एवं युवा मामले, महिला एवं बाल विकास, तथा आजीविका परियोजना विभागों के शीर्ष अधिकारी भी मौजूद थे।
मुख्य सचिव सुधांश पंत ने बैंकों की वर्ष-दर-वर्ष डबल डिजिट ग्रोथ की सराहना करते हुए इस गति को बरकरार रखने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार 1 जुलाई से 30 सितंबर 2025 तक पूरे देश में वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान चल रहा है। इस अभियान का लक्ष्य वित्तीय सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र नागरिकों तक पहुँचाना, केवाईसी लंबित खातों का री-केवाईसी करना और बैंकिंग, बीमा व पेंशन सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुँचाना है।
बैठक में बैंक ऑफ बड़ौदा के उप महाप्रबंधक एवं प्रमुख (SLBC) राज कुमार मीना ने सदस्य बैंकों के लक्ष्यों और उपलब्धियों का तुलनात्मक विश्लेषण प्रस्तुत किया। साथ ही राज्य सरकार से जुड़े बैंकिंग मुद्दों, योजनाओं की प्रगति और बैंकिंग शिविरों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने पर चर्चा हुई।
बैठक के अंत में राज कुमार मीना ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और बैंकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी का आग्रह किया।