राजस्थान में बदलेगा मौसम का मिजाज: हीटवेव से राहत, 2 मई से कई हिस्सों में बारिश के आसार
Edited By: नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
मई 1, 2025
राजस्थान में गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य में मौसम में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। 1 मई से हीटवेव का असर कम होने लगेगा, वहीं 2 मई से बीकानेर, जोधपुर, अजमेर, उदयपुर, कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव से तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। 4 से 7 मई तक भी आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
राज्य के पश्चिमी और उत्तरी भागों में अधिक वर्षा देखने को मिल सकती है, जबकि पूर्वी और दक्षिणी जिलों में बारिश की संभावना कम है, लेकिन तेज हवाओं और बादलों का असर वहां भी दिखेगा।
जैसलमेर में तापमान 46.3 डिग्री तक पहुंच गया, जो पिछले 24 घंटों में राज्य का सर्वाधिक तापमान रहा, जबकि बीकानेर में न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पूर्वी राजस्थान के झालावाड़ जिले के गंगधार क्षेत्र में 3 मिमी बारिश दर्ज की गई।
