राजस्थान में “खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2025” की तैयारियों की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न

राजस्थान में “खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2025” की तैयारियों की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न
यह राज्य सरकार का गौरवशाली आयोजन है, व्यवस्थाएँ हों पूर्णतः निर्बाध – मुख्य सचिव सुधांश पंत

 नरेश गुनानी • वरिष्ट पत्रकार 

जयपुर, 10 अक्टूबर। राज्य सरकार द्वारा आयोजित होने वाले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2025 की तैयारियों की समीक्षा हेतु शुक्रवार को मुख्य सचिव श्री सुधांश पंत की अध्यक्षता में शासन सचिवालय, जयपुर में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।

मुख्य सचिव ने कहा कि यह आयोजन राजस्थान के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि तैयारियाँ योजनाबद्ध और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएँ ताकि राज्य की साख और छवि देशभर में और मजबूत हो। उन्होंने कहा कि यह आयोजन एक व्यापक अभ्यास है, जिसके लिए सभी विभागों के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है।

मुख्य सचिव ने बताया कि खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2025 का आयोजन राज्य के छह संभागीय मुख्यालयों — जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, भरतपुर और बीकानेर में किया जाएगा। इसमें देशभर के 200 से अधिक विश्वविद्यालयों के लगभग 5000 खिलाड़ी और 2000 अधिकारी व स्टाफ भाग लेंगे।

उन्होंने खेल विभाग को निर्देश दिए कि सभी स्थलों पर खेल सुविधाओं को सर्वोत्तम स्तर पर तैयार किया जाए और खिलाड़ियों के ठहराव, सुरक्षा, भोजन एवं परिवहन की व्यवस्थाएँ पूरी तरह सुचारु हों। साथ ही खिलाड़ियों को राजस्थान की संस्कृति और आतिथ्य से परिचित कराने के लिए राज्य के संग्रहालयों और दर्शनीय स्थलों पर नि:शुल्क प्रवेश की सुविधा दी जाए।

मुख्य सचिव ने कहा कि आईटी विभाग के सहयोग से आयोजन की वेबसाइट पर “मैस्कॉट और टैगलाइन” हेतु एक ओपन क्रिएटिव प्रतियोगिता प्रारंभ की जाए, ताकि नागरिक भी इसमें भाग ले सकें और आयोजन से जन-जुड़ाव बढ़े। साथ ही, सभी प्रतियोगिताओं की जानकारी पोर्टल पर सार्वजनिक की जाए, ताकि जनता को यह पता रहे कि कौन-सा आयोजन किस स्थान पर हो रहा है।

शासन सचिव, युवा मामले एवं खेल विभाग डॉ. नीरज कुमार पवन ने बताया कि सभी खेल स्थलों की मरम्मत, अधोसंरचना उन्नयन, निविदा प्रक्रियाएँ, निरीक्षण समितियाँ और प्रशासनिक ढाँचा पहले ही स्थापित किए जा चुके हैं। जयपुर में प्रमुख खेल स्थलों का उन्नयन किया जा रहा है, जबकि प्रत्येक संभागीय मुख्यालय पर दो-दो खेलों का आयोजन होगा।

बैठक में सभी विभागों की भूमिकाएँ भी स्पष्ट की गईं —
वित्त विभाग वित्तीय स्वीकृतियाँ और बजट अनुमोदन की जिम्मेदारी देखेगा,
गृह विभाग सुरक्षा और पुलिस प्रबंधन सुनिश्चित करेगा,
स्वायत्त शासन विभाग स्वच्छता, आवास और नगर प्रबंधन का कार्य देखेगा,
शिक्षा विभाग खिलाड़ियों के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएँ उपलब्ध कराएगा,
पर्यटन विभाग आयोजन स्थलों पर पर्यटन-संबंधी गतिविधियाँ आयोजित करेगा,
चिकित्सा विभाग सभी स्थलों पर आवश्यक मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की व्यवस्था करेगा,
जबकि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग आयोजन के प्रचार-प्रसार, मीडिया समन्वय और जन-जागरूकता की जिम्मेदारी निभाएगा।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग श्री कुलदीप रांका,
प्रमुख शासन सचिव पर्यटन एवं संस्कृति विभाग तथा महानिदेशक जवाहर कला केन्द्र श्री राजेश कुमार यादव,
शासन सचिव वित्त (व्यय) विभाग श्री नवीन जैन सहित गृह, स्कूल शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा और स्वायत्त शासन विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य सचिव ने अंत में कहा कि “खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2025” राजस्थान के लिए एक ऐतिहासिक आयोजन होगा, जो न केवल खेल प्रतिभाओं के विकास का मंच बनेगा बल्कि राज्य की संगठन क्षमता, संस्कृति और मेजबानी की परंपरा को भी राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related

अजमेर: नकाबपोश बदमाशों ने पेट्रोल बम से कबाड़ी गोदाम फूँका, 20 लाख का नुकसान; CCTV में कैद हुई करतूत

अजमेर (हरिप्रसाद शर्मा)। राजस्थान के अजमेर जिले में बदमाशों...

पेपर लीक पर सख्त कानून बनाए सरकार, युवाओं का भविष्य दांव पर: राजेंद्र सेन

योगेश शर्मा  ​जयपुर। राजस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक...