गौरव कोचर
जयपुर | 12 मई, 2026
राजस्थान में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री को जड़ से समाप्त करने के लिए आबकारी विभाग द्वारा विशेष निरोधात्मक अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में प्रदेश भर में नाकाबंदी, गश्त और छापेमारी की प्रभावी कार्रवाई की जा रही है, जिसके तहत भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई है।

अभियान के आंकड़े: 11 दिनों में 1044 अभियोग दर्ज
1 मई से 11 मई 2026 तक की गई कार्रवाई के दौरान विभाग ने प्रदेश भर में व्यापक सफलता हासिल की है:
- कुल गिरफ्तारियाँ: 380 व्यक्ति।
- पंजीकृत मामले: 1044 अभियोग दर्ज।
- जब्त मदिरा:
- देशी मदिरा: 4150 लीटर (अनुमानित मूल्य 11.14 लाख रुपये)।
- विदेशी मदिरा (IMFL): 943 लीटर (अनुमानित मूल्य 9.40 लाख रुपये)।
- बीयर: 1476 लीटर (अनुमानित मूल्य 3.31 लाख रुपये)।
- हथकड़ शराब: 7021 लीटर।
- वाॅश निस्तारण: प्रदेश भर में 2,80,533 लीटर वाॅश नष्ट किया गया।
- वाहन जब्ती: 8 बड़े वाहन, 2 हल्के चार पहिया और 32 दुपहिया वाहनों सहित कुल 42 वाहन जब्त किए गए।
प्रमुख जिलों में हुई बड़ी कार्रवाईयाँ
आबकारी निरोधक टीमों ने ‘जीरो टोलरेंस’ की नीति अपनाते हुए विभिन्न जिलों में दबिश दी:
- हनुमानगढ़: नोहर, संगरिया और हनुमानगढ़ में 5100 लीटर वाॅश एवं 7 कच्ची भट्टियां नष्ट की गईं। साथ ही 4 मोटरसाइकिलें और शराब के पव्वे जब्त किए गए।
- बारां (छबड़ा): ग्राम लक्ष्मीपुरा में बड़ी कार्रवाई करते हुए 11,000 लीटर वाॅश और 23 भट्टियां नष्ट की गईं। मौके पर 7 मामले दर्ज कर 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
- सिरोही (आबूरोड़): वासडा ग्राम में नदी किनारे कार्रवाई कर 12 टंकियों में छुपाकर रखा 6000 लीटर उत्तेजित वाॅश बरामद कर नष्ट किया गया।
- धौलपुर: संवेदनशील क्षेत्रों (आदर्श नगर व पचगांव) में 5000 लीटर वाॅश और 5 भट्टियां नष्ट की गईं।
- दौसा: महुआ और लालसोट क्षेत्रों में 6300 लीटर वाॅश और 9 भट्टियां नष्ट की गईं।
- अन्य जिले: जोधपुर में 9 फरार अभियुक्तों को पकड़ा गया, वहीं नागौर, श्रीकरणपुर, चित्तौड़गढ़ और झालावाड़ में भी नाकाबंदी कर अवैध परिवहन पर अंकुश लगाया गया।
प्रशासनिक सतर्कता
आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने स्पष्ट किया है कि अन्य राज्यों से होने वाली शराब तस्करी और अवैध बिक्री पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए प्रदेश के सभी जोनल अतिरिक्त आयुक्तों, उपायुक्तों और निरीक्षकों को निरंतर फील्ड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश के समस्त जिलों में नाकाबंदी और दबिश की कार्रवाई आगामी दिनों में भी इसी तीव्रता के साथ जारी रहेगी।