राजस्थान डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट 2026
मुख्य सचिव ने 4 से 6 जनवरी तक होने वाले समिट की तैयारियों की समीक्षा की
| नरेश गुनानी
जयपुर, 19 दिसंबर 2025।
राजस्थान को डिजिटल नवाचार, स्टार्टअप और तकनीकी निवेश के वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने के उद्देश्य से 4 से 6 जनवरी 2026 तक जयपुर के जेईसीसी, सीतापुरा में आयोजित होने वाले ‘राजस्थान डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट 2026’ की तैयारियों की समीक्षा मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में की गई।
मुख्य सचिव ने कहा कि यह समिट राजस्थान के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डिजिटल इकोसिस्टम, स्टार्टअप संस्कृति और तकनीकी निवेश को मजबूती देने का बड़ा अवसर है। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग को निर्देश दिए कि आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं और समिट को भव्य एवं प्रभावी स्वरूप दिया जाए। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
10 हजार से अधिक प्रतिभागियों की सहभागिता प्रस्तावित
समिट में 10 हजार से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने का अनुमान है, जिनमें देश-विदेश के वक्ता एवं निवेशक, केंद्र और राज्य सरकार के प्रतिनिधि, स्टार्टअप संस्थापक, उद्यमी, छात्र, शैक्षणिक संस्थान, कॉर्पोरेट प्रतिनिधि और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि शामिल होंगे।
महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, ओड़िशा और गुजरात सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि स्टार्टअप, निवेश, नवाचार और उद्यमिता से जुड़े सत्रों में भाग लेंगे।
विभागों को सौंपी गईं जिम्मेदारियां
मुख्य सचिव ने पर्यटन एवं कला-संस्कृति विभाग को राजस्थान पवेलियन, एयरपोर्ट हेल्पडेस्क और अतिथि स्वागत की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नगरीय विकास विभाग को शहर की सड़कों की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और आवश्यक नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था के निर्देश दिए गए।
गृह विभाग को सुरक्षा, यातायात और पार्किंग प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया।
सामान्य प्रशासन विभाग को प्रोटोकॉल व्यवस्था, अतिथियों के आवास और वाहन प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसी क्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को मीडिया रजिस्ट्रेशन, मीडिया सेंट्रिक गतिविधियों और व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग को प्रमुख उद्योग समूहों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को आयोजन अवधि के दौरान चिकित्सा सुविधाएं और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एआई और नवाचार पर विशेष फोकस
बैठक में सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग के शासन सचिव रवि कुमार सुरपुर ने बताया कि समिट में जनप्रतिनिधियों, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों, वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों, उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियों, तकनीकी उद्यमियों, यूनिकॉर्न और स्टार्टअप संस्थापकों की सहभागिता प्रस्तावित है।
समिट के अंतर्गत मास्टर क्लास, पैनल चर्चा, राउंड टेबल बैठकें और विशेष संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि ‘राजस्थान रीजनल एआई इम्पैक्ट समिट’ के तहत सार्वजनिक सेवा वितरण और शासन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग, नैतिक एवं जिम्मेदार एआई, राजस्थान में एआई आधारित स्टार्टअप और नवाचार इकोसिस्टम, क्रिएटिव इकॉनॉमी और गेमिंग में एआई जैसे विषयों पर मंथन किया जाएगा।
इनोवेशन एक्सपो से लेकर फिल्म फेस्टिवल तक
सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग के आयुक्त हिमांशु गुप्ता ने बताया कि समिट में इनोवेशन एक्सपो, स्टार्टअप पिच, हैकाथॉन, गेम जैम, कॉमिकॉन और फिल्म फेस्टिवल जैसी विविध गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि आयोजन स्थल की बुकिंग, वित्त विभाग की स्वीकृतियां, टाई को इंडस्ट्री पार्टनर के रूप में शामिल करना, होटल एवं परिवहन व्यवस्था, वक्ताओं और उद्योग प्रतिनिधियों को आमंत्रण तथा मीडिया योजना का क्रियान्वयन पहले ही किया जा चुका है।
वरिष्ठ अधिकारी एवं टाई राजस्थान के प्रतिनिधि रहे उपस्थित
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग कुलदीप रांका, प्रमुख शासन सचिव नगरीय विकास एवं आवासन विभाग देबाशीष पृष्टी, आयुक्त उद्योग, वाणिज्य एवं कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी सुरेश कुमार ओला सहित पर्यटन, गृह, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा टाई राजस्थान के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

