राजस्थान का पहला केएमसी लाउंज खेरवाड़ा में शुरू, ग्रामीण मातृ-शिशु स्वास्थ्य को मिलेगा नया संबल
नरेश गुनानी • वरिष्ठ संपादक
उदयपुर, 11 अक्टूबर। जनजाति विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने शनिवार को उदयपुर जिले के खेरवाड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में राजस्थान के पहले कंगारू मदर केयर (KMC) लाउंज का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य में प्रत्येक व्यक्ति को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसी दिशा में राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है।

राजस्थान का यह पहला केएमसी लाउंज उदयपुर जिला कलक्टर नमित मेहता और जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिया डाबी के निर्देशन में तैयार किया गया है। मंत्री खराड़ी ने बताया कि खेरवाड़ा, जो एक आकांक्षी ब्लॉक है, में इस तरह की पहल ग्रामीण क्षेत्रों में माताओं और नवजात शिशुओं को सम्मानजनक और एकीकृत देखभाल प्रदान करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
उन्होंने कहा कि केएमसी लाउंज मॉडल नवजात और मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रमों को और सशक्त बनाएगा। इसके तहत उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की समय पर पहचान कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय देखभाल उपलब्ध कराई जाएगी। यह पहल आकांक्षी ब्लॉकों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
इससे पूर्व मंत्री खराड़ी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 40 लाख रुपए की लागत से निर्मित आधुनिक लैब यूनिट का भी उद्घाटन किया।
ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण
मंत्री खराड़ी ने उदयपुर की पलसिया ग्राम पंचायत में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के काउंटरों पर जाकर चल रही योजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सीधा पहुँचे।
निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए कुछ अधिकारियों पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और उपखंड अधिकारी को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।