राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष डोटासरा का बड़ा बयान: “फोन टैपिंग से चल रही है सरकार”
Edited By : नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
जून 16,2025
जयपुर।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य की भाजपा सरकार और केंद्र पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में सरकार फोन टैपिंग के दम पर चल रही है। जयपुर स्थित कांग्रेस वॉर रूम में पत्रकारों से बातचीत में डोटासरा ने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्री खुद अपने करीबियों से कहते हैं—सीधा कॉल मत करो, मेरा फोन दिल्ली वाले सुनते हैं।
“सबको अब एहसास होने लगा है” – डोटासरा
डोटासरा ने कहा, “जब सरकार के शीर्ष नेता ही ऐसी बातें कहने लगे, तो सोचिए प्रदेश का क्या हाल होगा। लोग खुद आकर बता रहे हैं कि उन्हें काम के सिलसिले में फोन पर बात करने से रोका जा रहा है।” जब उनसे पूछा गया कि इतनी संवेदनशील जानकारी का आधार क्या है, तो उन्होंने कहा कि संवादों के माध्यम से बहुत सी बातें छनकर सामने आती हैं और अब “सबको एहसास होने लगा है कि कौन कहां सुन रहा है।”

भाजपा पर तंज: “एक-दूसरे की गोभी खोद रहे हैं”
डोटासरा ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “भाजपा में सभी नेता एक-दूसरे की गोभी खोदने में लगे हैं। किसी को भरोसा नहीं कि कब दिल्ली से किसकी पर्ची बदल जाए।” उन्होंने कहा कि भाजपा में आपसी अविश्वास चरम पर है।
कांग्रेस संगठन में तेज़ी से हो रहा विस्तार
डोटासरा ने दावा किया कि राज्य में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने का काम जोरशोर से जारी है। अब तक 80% मंडल और ब्लॉक कार्यकारिणियों का गठन पूरा हो चुका है। इनकी जानकारी फोटो और मोबाइल नंबर सहित पीसीसी की वेबसाइट पर अपलोड की गई है।
डोटासरा ने बताया कि 28 जून तक 200 विधानसभा क्षेत्रों के बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) की सूची चुनाव आयोग को सौंपी जाएगी। जहां संगठन कमजोर मिला है, वहां नई रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। शेष 30% संगठनात्मक गठन भी जल्द पूरा होगा।
