रिपोर्ट: योगेश शर्मा, जयपुर
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया उद्घाटन; आर्ट थैरेपी और डिज़ाइन वर्कशॉप्स बनीं आकर्षण का केंद्र
जयपुर। गुलाबी नगरी के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में शुक्रवार को बहुप्रतीक्षित डिज़ाइन और डेकोर एग्जीबिशन ‘नाईन डॉट स्क्वायर्स’ के चौथे संस्करण का शानदार शुभारंभ हुआ। प्रदेश की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर तीन दिवसीय इस प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन किया।
शिल्पकारों और डिजाइनर्स के लिए वैश्विक मंच
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि राजस्थान अपनी समृद्ध कला और सांस्कृतिक विरासत के लिए विश्वविख्यात है। उन्होंने ‘नाईन डॉट स्क्वायर्स’ जैसे क्यूरेटेड प्लेटफॉर्म की सराहना करते हुए कहा, “यह प्रदर्शनी हमारे स्थानीय शिल्पकारों, कारीगरों और युवा डिजाइनर्स के लिए अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का एक सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन जयपुर को वैश्विक स्तर पर डिज़ाइन और क्रिएटिविटी के हब के रूप में स्थापित करने में मील का पत्थर साबित होंगे।”
इस दौरान उन्होंने आयोजकों से अपील की कि वर्ष 2027 में जयपुर की स्थापना के 300 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष और भव्य कार्यक्रमों की योजना बनाई जाए। उद्घाटन के अवसर पर प्रदर्शनी की फाउंडर रितु खंडेलवाल, फाउंडर प्रमोटर रमेश अग्रवाल, शालिनी अग्रवाल, को-क्यूरेटर सगुना वाधवा सहित कनिका खंडेलवाल और तन्वी खंडेलवाल साध भी मौजूद रहीं।
आर्ट थैरेपी और ‘ब्रेन फॉग’ ने खींचा ध्यान
इस बार एग्जीबिशन में केवल उत्पाद ही नहीं, बल्कि अनुभव पर भी ज़ोर दिया गया है। ‘अ डॉट इन स्पेस’ जैसे इंस्टॉलेशंस के जरिए विज़िटर्स को आत्म-चिंतन और शांति का अनुभव कराया गया। वहीं, आधुनिक महिलाओं के जीवन की मानसिक चुनौतियों और उधेड़बुन को दर्शाते ‘ब्रेन फॉग’ इंस्टॉलेशन ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया।
वर्कशॉप्स में सीखी बारीकियां
पहले दिन ‘द क्ले एडिट’ और ‘मेटल ओरिगामी’ जैसी वर्कशॉप्स आयोजित की गईं। इसमें प्रतिभागियों ने क्ले से कलाकृतियां बनाने और मेटल शीट्स को मोड़कर आकर्षक डिज़ाइन्स तैयार करने की तकनीकी बारीकियां सीखीं।
प्रदर्शनी की मुख्य विशेषताएं:
- फर्नीचर: बोन इनले वर्क, मेटल स्कल्प्चरल डिज़ाइन और हैंड-पेंटेड लग्ज़री फर्नीचर।
- वॉल डेकोर: मेवाड़ और पिछवाई परंपरा की एम्ब्रॉयडरी, ठिकड़ी शैली के दर्पण और अल्कोहॉल इंक आर्ट।
- इनोवेटिव मटेरियल: इटैलियन लाइम-बेस्ड पेंट्स, लक्सफोम और प्रीमियम वॉलपेपर का विस्तृत संग्रह।
- रिटेल प्लेटफॉर्म: यह प्रदर्शनी न केवल देखने के लिए है, बल्कि यहाँ प्रदर्शित विशिष्ट वस्तुएं खरीदारी के लिए भी उपलब्ध हैं।
कल के कार्यक्रम (11 अप्रैल, शनिवार):
शनिवार को तीन विशेष वर्कशॉप्स का आयोजन किया जाएगा:
- अनस्टक (क्रिएटिव ब्रेकआउट): दोपहर 12:00 से 2:00 बजे तक।
- रीवोवन (थ्रेड स्टोरीज): दोपहर 2:00 से शाम 4:00 बजे तक।
- गोल्डन फ्लो (टेक्सचर आर्ट): शाम 5:00 से 7:00 बजे तक।
यह प्रदर्शनी रविवार, 12 अप्रैल तक प्रतिदिन सुबह 11:00 बजे से रात 9:00 बजे तक आमजन और कला प्रेमियों के लिए खुली रहेगी।