राजकीय एकीकृत आयुष चिकित्सालय प्रतापनगर में दर्द निवारक शिविर का आयोजन
रोगियों को निःशुल्क दवाइयाँ वितरित, हर माह होगा आयोजन
जयपुर। लोकेंद्र सिंह शेखावत। टेलीग्राफ टाइम्स
राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय से संबद्ध राजकीय एकीकृत आयुष चिकित्सालय प्रतापनगर सेक्टर-10 में शनिवार को दर्द निवारक शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश प्रसाद बैरवा ने की।
शिविर में कुल 51 रोगियों की जांच कर उन्हें निःशुल्क दर्द निवारक तेल, कैप्सूल एवं सीरप वितरित किए गए। इस अवसर पर पंचकर्म विभाग के डॉ. ओम प्रकाश शर्मा, डॉ. भारती बॉदिल एवं डॉ. मनीषा चौधरी ने रोगियों का उपचार एवं परामर्श प्रदान किया।
चिकित्सालय प्रभारी डॉ. भारती बॉदिल ने बताया कि दर्द निवारक शिविर का आयोजन प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को नियमित रूप से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति से जोड़ते हुए उन्हें प्राकृतिक उपचार और जीवनशैली सुधार के प्रति जागरूक करना है।
शिविर में आए रोगियों ने निःशुल्क परामर्श और औषधि वितरण को लाभकारी बताया और चिकित्सालय प्रशासन का आभार जताया।