यूडीएच मंत्री ने कोटा दक्षिण के विकास रथ का किया अवलोकन
— पिछले दो वर्षों में जनकल्याण की दिशा में कई अहम कदम उठाए गए : खर्रा
— जनप्रतिनिधियों ने गिनाईं राज्य सरकार की उपलब्धियां
| सुनील शर्मा
जयपुर, 19 दिसंबर।
राज्य सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कोटा जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में शुक्रवार को विकास रथों के माध्यम से सरकार की विकास योजनाओं, बजट घोषणाओं एवं उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विकास रथ गांव-गांव और ढाणी-ढाणी पहुंचकर आमजन को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी बुकलेट, फोल्डर एवं दृश्य-श्रव्य माध्यमों से दी जा रही है।
कोटा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विकास रथ का अवलोकन शुक्रवार को सीएडी सर्किल के पास नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में पिछले दो वर्षों में राज्य सरकार ने जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाओं और फ्लेगशिप कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से लागू किया है। इन्हीं योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में विकास रथों का संचालन किया जा रहा है।
इस मौके पर कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा एवं राकेश जैन ने भी आमजन को राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी।
दीगोद में विकास रथ यात्रा का स्वागत
ऊर्जा मंत्री ने 11.62 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-शिलान्यास
सांगोद विधानसभा क्षेत्र में विकास रथ शुक्रवार को दीगोद क्षेत्र में पहुंचा, जहां यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर एवं राज्यसभा सांसद नारायण पंचारिया मौजूद रहे। नागर ने विभिन्न स्थानों पर कुल 11.62 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
विकास रथ यात्रा मारवाड़ा चौकी से प्रारंभ होकर भीमपुरा, मूंडला, पारलिया, नयागांव अहिरान, मंडावरी, कोटसुआ, बालापुरा, चंद्रावला, निमोदा, छिपडदा, हरिपुरा, कचोलिया, कंवरपुरा, डूंगरज्या, फतेहपुर, सोली, दीगोद, देवपुरा होते हुए मंडोला पहुंची।
नागर ने कहा कि राज्य सरकार ने मात्र दो वर्षों में जन संकल्प पत्र की 73 प्रतिशत घोषणाओं को पूरा कर लिया है। किसानों को केंद्र सरकार की सम्मान निधि के साथ राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त सहायता जोड़कर अब 9,000 रुपए प्रतिवर्ष दिए जा रहे हैं। इस अवसर पर जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, हेमंत विजय सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रामगंजमंडी, पीपल्दा और कोटा उत्तर में विकास रथ को मिला जनसमर्थन
रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र में विकास रथ यात्रा बड़ौदिया कलां, चेचट, देवली कलां सहित अन्य क्षेत्रों में पहुंची। विभिन्न स्थानों पर आमजन ने एलईडी स्क्रीन पर राज्य सरकार की उपलब्धियों, योजनाओं एवं कार्यक्रमों से संबंधित वीडियो उत्साहपूर्वक देखे।
पीपल्दा विधानसभा क्षेत्र में विकास रथ अयाना, विजयपुरा, लुहावद, लक्ष्मीपुरा, दुर्जनपुरा, सहनावदा और पीपल्दा गांव पहुंचा। यहां ग्रामीणों को महिलाओं, युवाओं एवं किसानों के हित में सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी गई।
कोटा उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विकास रथ गांधी कॉलोनी, पुरोहित जी टापरी, रेलवे कॉलोनी, द्वारका गार्डन और माता चौक सहित अन्य क्षेत्रों में पहुंचा। आमजन को राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों से संबंधित पुस्तिकाएं वितरित की गईं।
लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र में योजनाओं का व्यापक प्रचार
लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र के विकास रथ ने प्रताप नगर, हनुमत खेड़ा, देवली अरब, राजनगर, रायपुरा और थेकड़ा क्षेत्रों का भ्रमण किया। यहां लोगों को पीएम स्वनिधि, सीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, खाद्य सुरक्षा योजना, मनरेगा सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। एलईडी के माध्यम से राज्य सरकार की उपलब्धियों से जुड़े वीडियो दिखाए गए तथा फोल्डर एवं बुकलेट वितरित किए गए।

