यूडीएच के प्रिंसिपल सेक्रेट्री ने जवाहर सर्किल में शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण कर आमजन से फीडबैक लिया
जयपुर, 19 सितम्बर। सुनील शर्मा । टेलीग्राफ टाइम्स।
नगरीय विकास एवं आवासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव एवं आवासन मण्डल अध्यक्ष देबाशीष पृष्टि ने शुक्रवार को आवासन मण्डल वृत-तृतीय, जयपुर कार्यालय में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में उपस्थित लोगों से सीधा फीडबैक लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य करवाने आए व्यक्ति को कम से कम समय में लाभान्वित किया जाए।
शिविर में आए आमजन ने व्यवस्थाओं की सराहना की और समस्याओं के तत्काल निस्तारण पर राज्य सरकार का धन्यवाद जताया। मण्डल अध्यक्ष ने कई आवेदकों को मौके पर ही राहत प्रदान करवाई। उन्होंने विभिन्न पत्रावलियों, कार्यों एवं मण्डल द्वारा जारी प्रपत्रों का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर लाभान्वित आवंटियों को अदेय प्रमाण पत्र, पंजीयन प्रपत्र आदि वितरित किए गए।
नर सेवा नारायण सेवा को कर रहे चरितार्थ
आवासन आयुक्त डॉ. रश्मि शर्मा ने बताया कि मण्डल द्वारा आयोजित शिविरों में अब तक कुल 316 प्रकरणों का निस्तारण किया जा चुका है। शेष प्रकरणों के निस्तारण की प्रक्रिया भी शीघ्र शुरू कर दी गई है। शिविरों में आवासीय योजनाओं, भवन निर्माण अनुमति, लीज़ कन्वर्ज़न, नामान्तरण, बकाया निस्तारण सहित अन्य सेवाओं से संबंधित समस्याओं का समाधान हाथों-हाथ किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान सचिव गोपाल सिंह, मुख्य अभियंता प्रथम अमित अग्रवाल, प्रतीक श्रीवास्तव सहित अन्य उच्च अधिकारी भी मौजूद रहे।