रिपोर्ट हरि प्रसाद शर्मा पुष्कर
──────────────────────────
सोजत। गीता जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में आचार्य माधव शास्त्री ने कहा कि भगवद् गीता मानव जीवन के लिए अत्यंत पवित्र और मार्गदर्शक ग्रंथ है, जिसमें श्रीकृष्ण ने स्पष्ट कहा कि सभी धर्मों को साथ लेकर चलने का विचार ही आत्मकल्याण और लोककल्याण की दिशा में मार्ग प्रशस्त करता है। माधव शास्त्री ने बताया कि श्रीकृष्ण का संदेश—
“सर्वधर्मान् परित्यज्य मामेकं शरणं व्रज”
का भाव अर्थ यह है कि मनुष्य अपने आचरण को पवित्र रखते हुए अपने धर्म का पालन करे और संपूर्ण मानवता के लिए शुभ व कल्याणकारी मार्ग अपनाए।
│उन्होंने कहा कि मानव जीवन में तन शुद्धि, मन शुद्धि, वाणी शुद्धि, धृति शुद्धि, आहार शुद्धि और बुद्धि शुद्धि अत्यंत आवश्यक हैं। यदि व्यक्ति इन छह शुद्धियों को अपने दैनिक आचरण में उतार ले, तो वह अपने धर्म-कर्म में भी पवित्रता का संचार कर सकता है।
माधव शास्त्री के अनुसार आहार शुद्धि जीवन का मूल आधार है। सात्त्विक भोजन मन, बुद्धि और शरीर में सत्त्व गुण बढ़ाता है, जिससे व्यक्ति के सभी दुखों की निवृत्ति होती है और कर्म में कौशल प्रकट होता है।
│उन्होंने कहा कि भोजन—
- ऋतभुक् (ऋतु अनुसार),
- हितभुक् (शरीर के हित में),
- मितभुक् (कम मात्रा में)
होना चाहिए। ताज़ा, सात्विक तथा शाकाहारी भोजन शरीर को स्वस्थ और मन को शांत बनाता है।
│आचार्य माधव ने बताया कि योग केवल बैठकर साधना करने का नाम नहीं बल्कि कर्मों में कौशल, निष्ठा और पवित्रता ही सच्चा योग है। व्यक्ति यदि अपने भोजन, वाणी, आचरण और विचारों को शुद्ध रखे, तो वह समाज और सम्पूर्ण भौतिक जगत के लिए भी कल्याणकारी सिद्ध होता है।