जयपुर/ गौरव कोचर/ जयपुर दक्षिण पुलिस उपायुक्त राजर्षि राज (IPS) के निर्देशन में पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस ने मैरिज गार्डनों से चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी विकास सैनी के कब्जे से चोरी किए गए ₹3,00,000 नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद कर ली गई है।
कमरे का ताला खोलकर बैग से उड़ाए थे ₹3 लाख
मामले का खुलासा करते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित कुमार शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त (मानसरोवर) हेमेन्द्र शर्मा के सुपरविजन में पत्रकार कॉलोनी थानाधिकारी उदय सिंह यादव की टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2026 को अशोक कुमार जैन (निवासी माधोराजपुरा) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने मुहाना मंडी रोड स्थिति ‘श्री कृष्णा बाग’ मैरिज गार्डन में विवाह समारोह का हलवाई का काम लिया था। 24 जुलाई को उन्हें काम के बदले ₹3,00,000 का भुगतान मिला था, जिसे उन्होंने मैरिज गार्डन के कमरा नंबर 106 में अपने बैग में रख दिया था।
25 जुलाई की शाम को कमरा लॉक करके हलवाई काम पर चले गए। रात करीब 11:30 बजे जब वे मजदूरों को पेमेंट देने कमरे में पहुंचे, तो बैग से नकदी गायब मिली। मैरिज गार्डन के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध व्यक्ति शाम 7:44 बजे चाबी से गेट खोलकर कमरे में घुसता और निकलता हुआ नजर आया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से दबोचा गया आरोपी
चोरी के तरीके को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपी विकास कुमार सैनी को दस्तयाब किया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने चोरी की बात कबूल कर ली।
पुलिस ने आरोपी से चोरी की पूरी रकम (₹3,00,000) और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद कर ली है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी बेहद शातिर किस्म का है और उसने कई अन्य चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात भी स्वीकारी है, जिसको लेकर आगे की जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
-
- विकास कुमार सैनी (उम्र 26 वर्ष), निवासी- ढाणी गौरूवाला, गांव बबई (झुंझुनूं), हाल निवासी- किराएदार, हंस विहार, मांग्यावास, थाना नारायण विहार (जयपुर)।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
अशोक कुमार (एसआई), उमेश कुमार (कानि. 7817), रामस्वरूप (कानि. 4206), दिनेश कुमार (कानि. 3569), और लोकेश (हैड कानि. 634 – तकनीकी शाखा)।