जयपुर/ गौरव कोचर/जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की मिसाल पेश करने वाले छह पुलिसकर्मियों को ‘कॉन्स्टेबल ऑफ द मंथ’ के खिताब से नवाजा गया है। पुलिस आयुक्तालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने इन जवानों को सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने कहा कि जयपुर पुलिस का मूल ध्येय ‘आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय’ स्थापित करना है। उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य करने वाले जवानों को सम्मानित करने से बल का मनोबल बढ़ता है और पूरी पुलिस टीम और अधिक लगन, निष्ठा व संवेदनशीलता के साथ जनसेवा के लिए प्रेरित होती है।
जुलाई माह के सम्मानित पुलिसकर्मियों की उपलब्धियां:
- आबिद खान (कार्यालय पुलिस उपायुक्त, पूर्व): जुलाई माह में एमवी एक्ट, बाल वाहिनी और रिफ्लेक्टर टेप जैसे सुरक्षा अभियानों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की। इसके अलावा थानों व सर्किलों की अपराध समीक्षा बैठकों की सूचनाओं का समयबद्ध प्रबंधन किया।
- राकेश (जिला विशेष टीम, जयपुर पश्चिम): हरमाड़ा थाना क्षेत्र में अज्ञात शव मिलने के मामले में बस्सी टोल के सीसीटीवी फुटेज और टोल पेमेंट रिकॉर्ड के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर हत्यारोपियों—सोनू बैरवा व सुधांशू जांगिड़ को गिरफ्तार कराने में अहम भूमिका निभाई।
- ओमेश (पुलिस थाना जयसिंहपुरा खोर): एक ब्लाइंड मर्डर का खुलासा महज 2 घंटे के भीतर कर आरोपियों को नामजद किया। इसके अतिरिक्त थाने के दो मामलों में वांछित इनामी बदमाशों को दबोचने और एक साल से लंबित मुकदमों के निस्तारण में उल्लेखनीय योगदान दिया।
- मुकेश कुमार (पुलिस थाना विधायकपुरी): न्यायिक प्रक्रियाओं का समय पर निष्पादन करते हुए एक ही माह में 11 स्थाई वारंट, 20 गिरफ्तारी वारंट, 35 जमानती वारंट और 57 समन तामील करवाए।
- सुरेश कुमार (यातायात उत्तर): जोरावर सिंह गेट पर यातायात संचालन के दौरान सजगता दिखाते हुए चोरी की 2 मोटरसाइकिलें बरामद कर संबंधित थाने को सुपुर्द कीं।
- भजन लाल (पुलिस नियंत्रण कक्ष, आयुक्तालय): राजस्थान उच्च न्यायालय एवं राजस्थान अपील अधिकरण से जुड़ी रिट पिटीशन, अपील और अवमानना याचिकाओं का ‘लाइट्स’ (LITES) पोर्टल पर समयबद्ध अपडेशन किया। साथ ही आरटीआई (RTI) आवेदनों और विभागीय जांच पत्रावलियों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया।