मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से ही खिलाड़ी बनते हैं स्टार: वासुदेव देवनानी

नरेश गुनानी 

  • अजमेर जिला क्रिकेट संघ के 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन क्रिकेट प्रतिभा खोज प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन
  • विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर खिलाड़ियों को बांटे पुरस्कार
  • अंडर-14, 16 और 19 आयु वर्ग के करीब 90 खिलाड़ियों ने सीखीं क्रिकेट की बारीकियां

जयपुर/अजमेर, 29 मई 2026

अजमेर जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन क्रिकेट प्रतिभा खोज प्रशिक्षण शिविर 2026 का शुक्रवार को अजमेर के चंद्रवरदाई मैदान में खेल भावना और भारी उत्साह के साथ समापन हुआ। समारोह में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने न केवल आधुनिक खेल संसाधनों का जायजा लिया, बल्कि खुद भी नेट प्रैक्टिस में बल्ले से शॉट आजमाकर सभी को रोमांचित कर दिया।

क्रिकेट युवाओं में जगाता है ऊर्जा और प्रतिस्पर्धा की भावना

​समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि आज के युवा खिलाड़ी ही राज्य और देश के भविष्य के उभरते सितारे हैं। उन्होंने कहा:

​”क्रिकेट युवाओं में उत्साह, ऊर्जा, रोमांच और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का संचार करता है। हाल ही में जयपुर में आयोजित आईपीएल (IPL) मैचों के दौरान टिकटों को लेकर युवाओं में जो क्रेज देखा गया, वह क्रिकेट के प्रति उनकी बढ़ती रुचि का सीधा प्रमाण है।”

 

स्टार बनने के लिए ‘शॉर्टकट’ नहीं, कड़ा अभ्यास जरूरी

​वासुदेव देवनानी ने खिलाड़ियों को सफलता का मूलमंत्र देते हुए कहा कि खिलाड़ी बनने की इच्छा तो बहुत से युवाओं में होती है, लेकिन एक उत्कृष्ट और स्टार खिलाड़ी बनने के लिए कठोर मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही एकमात्र रास्ता है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा को सही समय पर सही अवसर मिलना बेहद जरूरी है। इस दिशा में जिला क्रिकेट संघ महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों के खिलाड़ियों को बेहतरीन मंच प्रदान कर सराहनीय कार्य कर रहा है। आज बेटियां भी क्रिकेट के मैदान में देश का परचम लहरा रही हैं।

तकनीकी समझ और सीनियर खिलाड़ियों से सीखें रणनीति

​स्पिकर वासुदेव देवनानी ने खेल के तकनीकी पहलुओं पर जोर देते हुए कहा कि खिलाड़ी को मोहल्ला स्तर से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए लगन की जरूरत होती है। खेल में ‘ऑब्जर्वेशन’ (बारीकियों को देखना) बहुत जरूरी है।

  • गेंदबाजों के लिए: स्विंग, स्पिन और विविध आधुनिक तकनीकों की अच्छी जानकारी होना आवश्यक है।
  • बल्लेबाजों के लिए: मैच की परिस्थितियों के अनुरूप सही शॉट चयन की समझ विकसित करना बेहद जरूरी है।

​उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जब भी वे बड़े मैच देखने जाएं, तो उसे केवल मनोरंजन के नजरिए से न देखें, बल्कि सीनियर खिलाड़ियों के प्रदर्शन, उनकी तकनीक और मैच की रणनीति का गहराई से अवलोकन करें। देश में सामान्य परिवारों से निकलकर अनेक खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है; भाग्य भी उसी का साथ देता है जो कड़ी मेहनत करता है। उन्होंने भरोसा जताया कि जिले में खेल अकादमियां, मैदान और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं, जिनका लाभ उठाकर युवा देश-दुनिया में अजमेर और राजस्थान का नाम रोशन करेंगे।

प्रतिभाशाली खिलाड़ी हुए सम्मानित

​समारोह के अंत में विधानसभा अध्यक्ष ने शिविर के प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान किए। इसके साथ ही, गत सत्र में राजस्थान की टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले जिले के होनहार खिलाड़ियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वासुदेव देवनानी ने शिविर में उपलब्ध बॉलिंग मशीन, एस्ट्रोटर्फ और अन्य आधुनिक संसाधनों का बारीकी से निरीक्षण भी किया।

डेटा आधारित चयन प्रक्रिया से निखारी गईं प्रतिभाएं

​अजमेर जिला क्रिकेट संघ के सचिव गोविंद उपाध्याय ने शिविर की रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि इस 15 दिवसीय शिविर में अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-19 आयु वर्ग के लगभग 90 खिलाड़ियों को शामिल किया गया था। इन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से क्वालिफाइड प्रशिक्षकों द्वारा एस्ट्रोटर्फ और सॉइल पिच पर आधुनिक व तकनीकी ट्रेनिंग दी गई। खास बात यह रही कि खिलाड़ियों का मूल्यांकन पूरी तरह ‘डेटा आधारित चयन प्रक्रिया’ के माध्यम से किया गया।

​संघ के कोषाध्यक्ष अनीश मोयाल ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिविर के माध्यम से खिलाड़ियों ने क्रिकेट की बारीकियां सीखी हैं। उन्होंने बच्चों के विकास में अभिभावकों के सहयोग को भी सराहा और उम्मीद जताई कि यहां से प्रशिक्षित कई खिलाड़ी आगामी समय में राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अजमेर का नाम चमकाएंगे।

समारोह में ये रहे उपस्थित

​इस भव्य समापन समारोह के अवसर पर वरिष्ठ जनप्रतिनिधि सीताराम शर्मा, जिला खेल अधिकारी रामनिवास चौधरी, जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनीष शर्मा, पूर्व सचिव राजेश भड़ाना, मुख्य प्रशिक्षक दिनेश शर्मा, देवेंद्र सिंह, शक्ति सिंह राठौड़ सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, कोच, अभिभावक और युवा खिलाड़ी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related

कमला एकादशी पर पुष्कर सरोवर में पंचतीर्थी स्नान शुरू, हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

हरि प्रसाद शर्मा  पुष्कर (अजमेर)। धार्मिक नगरी पुष्कर में कमला...