Edited By : लोकेंद्र सिंह शेखावत
मार्च 16, 2025 11:25 IST
टेलीग्राफ टाइम्स
मेवाड़ राजपरिवार में शोक: अरविंद सिंह मेवाड़ का निधन, सिटी पैलेस के संरक्षण में निभाई अहम भूमिका
उदयपुर। मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य और सिटी पैलेस के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अरविंद सिंह मेवाड़ का निधन हो गया। 81 वर्षीय अरविंद सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और उन्होंने आज अल सुबह अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से मेवाड़ क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
संस्कृति और विरासत के संरक्षक
13 दिसंबर 1944 को उदयपुर के सिटी पैलेस में जन्मे अरविंद सिंह मेवाड़ ने मेवाड़ राजवंश की परंपराओं और संस्कृति को जीवित रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। सिटी पैलेस के संरक्षण और विकास में भी उनकी अहम भूमिका रही, जिससे मेवाड़ की समृद्ध धरोहर को संजोने का प्रयास किया गया।
अंतिम यात्रा का विवरण
अरविंद सिंह मेवाड़ के अंतिम दर्शन सोमवार (17 मार्च) सुबह 7 बजे से होंगे। उनकी अंतिम यात्रा शंभू निवास से शुरू होकर बड़ी पोल, जगदीश चौक, घंटाघर, बड़ा बाजार, देहली गेट होते हुए महासतिया पहुंचेगी।
परिवार को लगातार दूसरी क्षति
गौरतलब है कि पिछले साल नवंबर में उनके बड़े भाई महेंद्र सिंह मेवाड़ का भी निधन हो गया था। अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन से मेवाड़ राजपरिवार और पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।