जयपुर/ गौरव कोचर/जयपुर साउथ की मुहाना थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी पुलिसकर्मी, राजस्थान टेक्निकल यूनिवर्सिटी (RTU) का प्रोफेसर और नर्सिंग ऑफिसर बनकर लोगों से ठगी करने वाले शातिर आदतन अपराधी अरुण शर्मा उर्फ ‘आलू’ को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया और तकनीकी माध्यमों का सहारा लेकर लोगों को डरा-धमकाकर और फर्जी आश्वासन देकर ठगी व लूट की वारदातों को अंजाम देता था।
फर्जी फेसबुक आईडी से स्टूडेंट व प्रोफेसर को बनाता था शिकार
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 21 जुलाई 2026 को ललित गहलोत (निवासी पटेल नगर, मुहाना) ने मामला दर्ज कराया था। पीड़ित के अनुसार, उन्हें फेसबुक पर ‘इंजि. सुनील मीना’ नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली। बातचीत में आरोपी ने खुद को आरटीयू में कार्यरत पुराना स्टूडेंट बताकर विश्वास में लिया और काम कराने के नाम पर ₹62,000 ऐंठ लिए।
इसके बाद, कागजात घर भेजने के बहाने लोकेशन मांगी और खुद फर्जी पुलिसकर्मी (गांधीनगर थाने के स्पेशल स्टाफ) बनकर पीड़ित के घर पहुंच गया। उसने पीड़ित को डराया कि उसने गलत काम के लिए पैसा भेजा है और जेल भेजने की धमकी देकर ₹60,000 अतिरिक्त वसूल लिए। इस पर साइबर हेल्पलाइन 1930 और मुहाना थाने पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
500 से अधिक फुटेज और तकनीकी विश्लेषण से हुई गिरफ्तारी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और फेसबुक आईडी का तकनीकी विश्लेषण किया। मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपी की पहचान कागजीवाड़ा (ब्रह्मपुरी, जयपुर) निवासी अरुण शर्मा उर्फ ‘आलू’ के रूप में हुई। पुलिस ने पीछा कर आरोपी को धर दबोचा।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जेल से छूटने के बाद सट्टा चलाने वालों, इंजीनियरिंग छात्रों और मेडिकल प्रोफेशनल्स को निशाना बनाता था। वह अलग-अलग फर्जी नामों (इंजि. सुनील शर्मा, इंजि. विजय शर्मा आदि) से आईडी बनाकर लोगों को ठगता था और बाद में फर्जी पुलिसकर्मी (CST या स्पेशल स्टाफ) बनकर डरा-धमकाकर नकदी वसूलता था। आरोपी पूर्व में भी आधा दर्जन मामलों में जेल जा चुका है और उसने जयपुर शहर व ग्रामीण क्षेत्र में दो दर्जन (24) से अधिक ठगी व लूट की वारदातें स्वीकार की हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
- अरुण शर्मा उर्फ आलू उर्फ दातार सिंह उर्फ सुनील शर्मा उर्फ विजय शर्मा (33 वर्ष) — पुत्र राजकुमार शर्मा, निवासी मकान नंबर 106, मद्रासी बाबा की बगीची, कागजीवाड़ा, थाना ब्रह्मपुरी, जयपुर।
कबूली गई मुख्य वारदातें
- मुहाना: ललित गहलोत से आरटीयू में काम करवाने व फर्जी पुलिसकर्मी बनकर ₹1.21 लाख की ठगी।
- मानसरोवर: अनु सिंधी से CST पुलिसकर्मी बनकर सट्टे का मुकदमा दर्ज करने की धमकी देकर ₹90,000 की लूट।
- ब्रह्मपुरी व गलतागेट: नौकरी लगवाने के नाम पर क्रमशः ₹2.50 लाख और ₹1.50 लाख की ठगी।
- रामनगरिया: आरटीयू में मार्क्स बढ़वाने के नाम पर छात्रों से ₹62,000 और ₹34,000 की ठगी।
- अन्य इलाके: सांगानेर, नाहरगढ़, श्याम नगर, वैशाली नगर, सोडाला, इस्कॉन रोड आदि क्षेत्रों में फर्जी पुलिसकर्मी, प्रोफेसर व नर्सिंग ऑफिसर बनकर हजारों रुपये ऐंठे।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित कुमार शर्मा के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस आयुक्त मानसरोवर हेमेन्द्र शर्मा के निकट सुपरविजन में गठित टीम:
पुलिस टीम: मुकेश कुमार खारडिया (थानाधिकारी, मुहाना), कानसिंह (हेड कांस्टेबल 2172), भंवरलाल (हेड कांस्टेबल 2411), ओमप्रकाश डोबर (कांस्टेबल 4714 – विशेष भूमिका), बहादुर धेडू (कांस्टेबल 10129), दामोदर सारण (कांस्टेबल 10868 – विशेष भूमिका), संजीव (एमटी कांस्टेबल 5526), लोकेश (हेड कांस्टेबल, तकनीकी शाखा, जयपुर दक्षिण), और रामसिंह (हेड कांस्टेबल, प्रभारी तकनीकी शाखा, जयपुर दक्षिण)।