साफ-सफाई और डिजिटल नवाचारों की सराहना
जयपुर | 20 फरवरी, 2026
| गौरव कोचर
राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शुक्रवार सुबह स्वास्थ्य भवन और एनएचएम (NHM) भवन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय प्रबंधन, स्वच्छता और राज हेल्थ पोर्टल के माध्यम से किए जा रहे डिजिटल सुधारों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ भी उनके साथ मौजूद रहीं।
सुबह 9:30 बजे पहुंचे मुख्य सचिव, व्यवस्थाओं को सराहा
मुख्य सचिव सुबह ठीक 9:30 बजे स्वास्थ्य भवन परिसर पहुंचे। उन्होंने मुख्य भवन और एनएचएम विंग के विभिन्न तलों का दौरा कर कार्मिकों की बैठक व्यवस्था और कार्यालय के रख-रखाव का अवलोकन किया। पिछले निरीक्षण में दिए गए निर्देशों की पालना पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि अनुपयोगी सामान के निस्तारण और साफ-सफाई में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने इस स्तर को निरंतर बनाए रखने और समय-समय पर रंग-रोगन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राज हेल्थ पोर्टल: पारदर्शिता और तकनीक का संगम
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने तृतीय तल पर स्थित राज हेल्थ पोर्टल अनुभाग का विशेष अवलोकन किया। उन्होंने पोर्टल के माध्यम से संचालित होने वाली प्रणालियों की विस्तृत जानकारी ली:
- ई-सर्विस रिकॉर्ड: प्रदेश के समस्त स्वास्थ्य कार्मिकों और अधिकारियों के रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण।
- ऑनलाइन प्रबंधन: अवकाश प्रबंधन और पदस्थापन (Posting) की स्थिति का ऑनलाइन संधारण।
- पारदर्शिता: प्रशासनिक प्रक्रियाओं में मानवीय हस्तक्षेप कम कर पारदर्शिता बढ़ाना।
मुख्य सचिव ने इन डिजिटल नवाचारों को स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए मील का पत्थर बताया और निर्देश दिए कि डिजिटल प्रणाली के माध्यम से कार्यक्षमता को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
कबाड़ मुक्त हुआ परिसर: 150 से अधिक अलमारियों का निस्तारण
प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि 28 जनवरी को हुए पिछले निरीक्षण के बाद विभाग ने मिशन मोड पर सफाई अभियान चलाया है। इसके तहत:
- अनुपयोगी सामग्री: 150 से अधिक बेकार अलमारियां और 50 से अधिक टेबल-कुर्सियों व रैक्स का निस्तारण किया गया।
- सुरक्षा: बिजली के खुले और खराब तारों को दुरुस्त किया गया है।
- आईईसी (IEC) प्रदर्शन: कॉरिडोर में सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई है।
35 हजार भर्तियां और पारदर्शी पदस्थापन
गायत्री राठौड़ ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि विभाग ने पिछले दो वर्षों में 35 हजार से अधिक पदों पर भर्तियां पूरी की हैं। इन सभी नवचयनित अभ्यर्थियों को राज हेल्थ पोर्टल के माध्यम से उनकी वरीयता (Merit) के आधार पर पारदर्शी तरीके से पदस्थापित किया गया है।
निरीक्षण में उपस्थित अधिकारी
इस अवसर पर मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. अमित यादव, अतिरिक्त मिशन निदेशक डॉ. टी. शुभमंगला, निदेशक जनस्वास्थ्य डॉ. रवि प्रकाश शर्मा और परियोजना निदेशक एनएचएम प्रिया भार्गव सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
