मुख्य सचिव ने विकास रथ यात्रा की प्रगति की समीक्षा की
विकास कार्यों एवं कल्याणकारी योजनाओं के सोशल मीडिया प्रचार के दिए निर्देश
| नरेश गुनानी
जयपुर, 18 दिसम्बर।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में संचालित विकास रथ यात्रा की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार के दो वर्षों की उपलब्धियों, विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार–प्रसार सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का प्रभावी उपयोग करने पर विशेष बल दिया गया।
मुख्य सचिव गुरुवार को शासन सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए गए कि विकास रथ यात्रा, रात्रि चौपालों तथा अन्य जनसंवाद कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य सचिव ने प्रत्येक जिले में पूर्ण हो चुके एवं निर्माणाधीन विकास कार्यों की जानकारी फोटो और वीडियो के माध्यम से सोशल मीडिया पर नियमित रूप से साझा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के जिला कार्यालयों को इन गतिविधियों की सतत निगरानी तथा संबंधित आंकड़ों को निरंतर अपडेट करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि विकास रथ यात्रा के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों, जनसंपर्क गतिविधियों और अन्य सरकारी आयोजनों का सोशल मीडिया पर व्यापक प्रचार किया जाए, जिससे राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक प्रभावी रूप से पहुँच सके।
बैठक में 18 से 25 दिसम्बर तक प्रदेश में प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इनमें पर्यावरण संरक्षण अभियान, महिला सम्मेलन, आर्मी डे परेड का कर्टेन रेज़र कार्यक्रम, रन फॉर विकसित राजस्थान, महिला सशक्तीकरण सम्मेलन, किसान सम्मेलन, पर्यटन कॉन्क्लेव तथा राज्य स्तरीय सुशासन दिवस कार्यक्रम शामिल हैं। मुख्य सचिव ने इन सभी आयोजनों में अधिकतम जनभागीदारी, बेहतर समन्वय एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

