मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और केंद्रीय कोयला राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे की उच्च स्तरीय बैठक
रांची, 28 अगस्त 2025। नेहा रंजन झारखंड,टेलीग्राफ टाइम्स।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मंगलवार को झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में केंद्रीय कोयला राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में कोयला खनन से प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं, पर्यावरणीय संतुलन, स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने और पुनर्वास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

जमीन रैयतों को लौटाने की मांग
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि खनन कार्य संपन्न हो जाने के उपरांत जमीन भारत सरकार राज्य सरकार को वापस करे, ताकि उस जमीन को मूल रैयतों को लौटाया जा सके। उन्होंने कहा कि खनन प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के पुनर्वास, रोजगार, पर्यावरणीय संतुलन और आधारभूत संरचना के विकास की जिम्मेदारी केंद्र और राज्य दोनों को मिलकर निभानी होगी।
स्थानीय लोगों की भागीदारी पर जोर
बैठक में मुख्यमंत्री ने खनन क्षेत्रों में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने, रोजगार सृजन और राज्य सरकार को मिलने वाले राजस्व को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि झारखंड के खनन प्रभावित इलाकों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि प्रभावित समुदायों का जीवन स्तर बेहतर हो सके।
केंद्र सरकार का आश्वासन
केंद्रीय कोयला राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे ने मुख्यमंत्री द्वारा उठाए गए बिंदुओं पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि राज्य और केंद्र मिलकर समाधान तलाशेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि झारखंड के विकास और लोगों की भलाई को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार हर संभव सहयोग करेगी।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
इस बैठक में मुख्य सचिव अलका तिवारी, खान सचिव अरवा राजकमल, खान निदेशक राहुल सिन्हा, CMPDI के सीएमडी मनोज कुमार, BCCL के सीएमडी समीरन दत्ता, CCL के सीएमडी नीलेंदु कुमार सिंह और BCCL के डीटी एम. के. अग्रवाल मौजूद थे।

