जयपुर/ सुनील शर्मा/गुरु-शिष्य की पावन परंपरा के अवसर पर राज्य सरकार ने प्रदेश के शिक्षा ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरु पूर्णिमा पर शिक्षा जगत को 947 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों, योजनाओं और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) की सौगात देंगे।
भरतपुर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह के माध्यम से प्रदेशभर के विद्यार्थियों और शिक्षण संस्थानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
प्रमुख घोषणाएं और मुख्य आकर्षण
- 691 करोड़ रुपये के निर्माण कार्य: भरतपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 691 करोड़ रुपये के नए शैक्षिक बुनियादी ढांचों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा।
- बालिका सैनिक विद्यालय की स्थापना: बालिका शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए भरतपुर जिले की वैर तहसील के खेड़ली गुर्जर में बालिका सैनिक विद्यालय का शिलान्यास होगा।
- मुफ्त यूनिफॉर्म के लिए DBT: कक्षा 1 से 8 में अध्ययनरत 40 लाख से अधिक पात्र विद्यार्थियों को मुफ्त यूनिफॉर्म के लिए 250 करोड़ रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर (DBT) की जाएगी।
- दिव्यांग सहायता व डिजिटल शिक्षा: विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों और शिक्षण में सहयोग के लिए 6 करोड़ रुपये के व्हीलचेयर तथा टेबलेट का वितरण किया जाएगा।
शिक्षा के स्तर को सुधारने की नई पहलें
”शासन की जिम्मेदारी गुरु और शिष्य को ऐसा आदर्श वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जहां शिष्य देश और दुनिया के बेहतर भविष्य के लिए एक श्रेष्ठ नागरिक बन सके।”
1. ‘मिशन पढ़ो राजस्थान’ एवं रीडिंग प्रमोशन कैम्पेन
विद्यार्थियों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने और पढ़ने की आदत को सहज बनाने के लिए ‘मिशन पढ़ो राजस्थान’ के तहत रीडिंग प्रमोशन कैम्पेन की शुरुआत की जा रही है। इसके तहत प्रदेश के सभी राजकीय विद्यालयों में प्रतिदिन 7वें कालांश (7th Period) को विशेष पठन समय के रूप में निर्धारित किया गया है।
2. अभिभावक-विद्यालय जुड़ाव व ‘निपुण कैलेंडर’
अभिभावकों की स्कूल में भागीदारी बढ़ाने और बच्चों की सालभर की शैक्षणिक गतिविधियों की प्रगति से उन्हें अवगत कराने के लिए निपुण कैलेंडर का विमोचन किया जाएगा।
गरिमामयी उपस्थिति
भरतपुर में आयोजित इस राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म सहित शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारी एवं कई गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।