जयपुर, 24 जून 2026 | नरेश गुनानी
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को जयपुर के सांगानेर क्षेत्र में स्थित सुप्रसिद्ध और प्राचीन त्रिपोलिया बालाजी मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने मंदिर में पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की और बजरंगबली से प्रदेश की खुशहाली, प्रगति और समृद्धि के लिए मंगल कामना की।
धार्मिक पर्यटन और आस्था के केंद्रों का होगा जीर्णोद्धार
इस धार्मिक यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने सांगानेर क्षेत्र को एक बड़ी सौगात दी। उन्होंने क्षेत्र के ऐतिहासिक संघीजी जैन मंदिर और सांगा बाबा मंदिर सहित कुल 115 प्रमुख धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, बुनियादी ढांचे के विकास और जीर्णोद्धार कार्यों की आधारशिला रखी। इन सभी विकास कार्यों पर कुल 50 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
इस भव्य परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र के प्राचीन और ऐतिहासिक मंदिरों का वैभव लौटाना है, जिससे यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिले।
समारोह में प्रमुख जनप्रनिधि रहे मौजूद
शिलान्यास के इस गरिमामयी अवसर पर नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, शासन के वरिष्ठ अधिकारीगण और बड़ी संख्या में आम श्रद्धालु भी इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने। मुख्यमंत्री का मंदिर परिसर में स्थानीय लोगों और पुजारियों द्वारा भव्य स्वागत भी किया गया।