मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर में पतंग उत्सव का किया शुभारंभ; पूरे प्रदेश में मकर संक्रांति की धूम
जयपुर, 14 जनवरी 2026
| गौरव कोचर
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को मकर संक्रांति के पावन अवसर पर जयपुर स्थित जल महल की पाल पर आयोजित राज्य स्तरीय पतंग उत्सव (काइट फेस्टिवल) का विधिवत शुभारंभ किया। इस उत्सव में जयपुर की ऐतिहासिक विरासत और आसमान में तैरती रंग-बिरंगी पतंगों के बीच मुख्यमंत्री ने स्वयं भी डोर थामी और पतंग उड़ाकर प्रदेश की परंपरा में हिस्सा लिया।

संभाग स्तर तक बढ़ा पतंग उत्सव का दायरा
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद इस वर्ष पतंग उत्सव के आयोजन में बड़ा विस्तार देखा गया है। अब यह केवल जयपुर तक सीमित न रहकर राज्य के सभी सात संभाग मुख्यालयों के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण जैसलमेर और माउंट आबू में भी आयोजित किया गया है। जल महल पर आयोजित कार्यक्रम में न केवल स्थानीय निवासी, बल्कि भारी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटकों का संगम भी देखने को मिला, जिससे राजस्थान की लोक संस्कृति का वैश्विक स्वरूप निखर कर सामने आया।
’ऑपरेशन सिंदूर’ थीम पर प्रदर्शनी का अवलोकन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एक विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसकी थीम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ रखी गई थी। पतंगों के माध्यम से सामाजिक चेतना और रचनात्मकता को दर्शाती इस प्रदर्शनी की मुख्यमंत्री ने सराहना की। उन्होंने वहाँ मौजूद लोक-कलाकारों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रदेश की समृद्ध संस्कृति को संजोए रखने के लिए उनका आभार जताया।
मुख्यमंत्री का संदेश: परंपरा और पर्यटन का संगम
प्रदेशवासियों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए भजनलाल शर्मा ने कहा:
”मकर संक्रांति का पर्व हमारी गौरवशाली संस्कृति का प्रतीक है। पतंग महोत्सव जैसे आयोजन न केवल हमारी सामाजिक चेतना और लोक कला को मजबूती प्रदान करते हैं, बल्कि राजस्थान के पर्यटन क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में भी सहायक सिद्ध होते हैं।”
गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति
इस भव्य समारोह में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, विधायक बालमुकुंदाचार्य, पर्यटन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता, पर्यटन आयुक्त रूकमणी रियाड़ सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरा जल महल क्षेत्र लोक संगीत, रंग-बिरंगी पतंगों और उत्सव के उल्लास से सराबोर नजर आया।