मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व उपराष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत को श्रद्धांजलि अर्पित की
स्व. शेखावत की जयंती पर स्मृति स्थल पहुंचकर पुष्पांजलि, कहा – अंत्योदय के प्रणेता थे भैरों सिंह शेखावत
नरेश गुनानी •
जयपुर, 23 अक्टूबर 2025।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को विद्याधर नगर स्थित स्मृति स्थल पहुंचकर पूर्व उपराष्ट्रपति और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भैरों सिंह शेखावत की जयंती पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भैरों सिंह शेखावत राष्ट्रवाद की भावना से ओतप्रोत नेता थे, जिन्होंने देश और प्रदेश की मजबूती के साथ जनसेवा को अपने जीवन का उद्देश्य बनाया। उन्होंने गरीब और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य किए।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि शेखावत ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों से प्रेरणा लेकर राजस्थान में अंत्योदय योजना की शुरुआत की, जिसके माध्यम से अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को सहारा देकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ा गया। उन्होंने महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों को भी आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, राजस्थान वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी, सांसद मदन राठौड़, मंजू शर्मा, विधायक गोपाल शर्मा, बालमुकुंदाचार्य, नगर निगम ग्रेटर महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।