मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने महारानी फार्म-मानसरोवर लिंक ब्रिज के नवीनीकरण कार्य का किया लोकार्पण, वर्षाकाल में आवागमन सुगम होगा
नरेश गुनानी
23 सितम्बर 2025,
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार रात को मानसरोवर क्षेत्र में महारानी फार्म-मानसरोवर लिंक ब्रिज के नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया। लगभग 6 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पूर्ण हुए इस कार्य के अंतर्गत पुलिया का निर्माण बॉक्स कल्वर्ट पद्धति से किया गया है। इसके तहत पुलिया की ऊंचाई 2 मीटर तक बढ़ाई गई है। इससे वर्षाकाल में द्रव्यवती नदी का जल पुलिया के ऊपर से नहीं बह पाएगा और यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा। इससे आमजन को बड़ी राहत मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि दुर्गापुरा टोंक रोड क्षेत्र को मानसरोवर से जोड़ने वाली यह पुलिया, महारानी फार्म और अग्रवाल फार्म के मध्य द्रव्यवती नदी पर स्थित है। पहले पुलिया की ऊंचाई कम होने के कारण बरसात के दौरान नदी का पानी पुलिया के ऊपर से बहकर निकलता था, जिससे यातायात बाधित हो जाता था और लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। आमजन की इस समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री ने पुलिया की ऊंचाई बढ़ाने के निर्देश दिए थे।
लोकार्पण अवसर पर नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा, नगर-निगम ग्रेटर उप-महापौर पुनीत कर्णावट सहित जेडीए और संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।