मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की संवेदनशील पहल – अतिवृष्टि प्रभावित किसानों को शीघ्र मिलेगा मुआवजा
जिला प्रशासन जयपुर पूरी तरह सक्रिय, अवकाश के दिन भी अधिकारियों ने लिया खेतों का जायजा
जयपुर, 13 सितम्बर। नरेश गुनानी। टेलीग्राफ टाइम्स।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने विगत दिनों हुई अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों की पीड़ा को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसान हित सर्वोपरि है और उन्हें हरसंभव राहत प्राथमिकता से उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री की इस संवेदनशील मंशा के अनुरूप जयपुर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है।

जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने सभी उपखंड अधिकारियों, तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने अधिकार क्षेत्र के प्रभावित गांवों में जाकर फसलों के नुकसान का मौके पर आकलन करें।
अवकाश के दिन भी अधिकारी सक्रिय
शनिवार को अवकाश होने के बावजूद जिला प्रशासन की टीमें प्रभावित गांवों में पहुंचीं। अधिकारियों ने खेतों में खड़ी नष्ट फसलों का निरीक्षण किया और किसानों से सीधे संवाद किया। किसानों ने अपनी समस्याएं साझा कीं, वहीं अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया कि मुआवजा वितरण की संपूर्ण प्रक्रिया नियमों के तहत जल्द से जल्द पूर्ण की जाएगी।
पटवारियों के साथ संयुक्त आकलन
फील्ड विजिट के दौरान अधिकारियों ने संबंधित हल्कों के पटवारियों के साथ मिलकर खेतों में खड़ी फसलों के नुकसान का मौके पर ही आंकलन किया। प्रशासन ने किसानों से अपील की कि वे बीमा या मुआवजे से जुड़ी आवश्यक जानकारी निर्धारित समयावधि में उपलब्ध कराएं, ताकि राहत वितरण की प्रक्रिया में कोई विलंब न हो।
सरकार किसानों के साथ खड़ी है
अधिकारियों ने ग्रामीणों और किसानों से कहा कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की प्राथमिकता है कि अतिवृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई शीघ्र की जाए और किसानों को राहत प्रदान की जाए।
जल्द शुरू होगी राहत वितरण प्रक्रिया
किसानों को भरोसा दिलाया गया है कि राहत वितरण प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभ की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित किसानों के साथ न्याय सुनिश्चित करना ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।