मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रामदेव जयंती और तेजा दशमी पर दी शुभकामनाएं
01 सितम्बर 2025,| जयपुर , सुनिल शर्मा।टेलीग्राफ टाइम्स
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रामदेव जयंती और तेजा दशमी (2 सितम्बर) के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा रामदेवजी और वीर तेजाजी ने अपना जीवन लोककल्याण के लिए समर्पित किया। उन्होंने समाज से जाति प्रथा, छुआछूत जैसी कुरीतियों और ऊंच-नीच के भेदभाव को मिटाने का संदेश दिया तथा मानव कल्याण को सर्वोपरि माना। उन्होंने बताया कि वीर तेजाजी ने गौ-रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी और उनका बलिदान हमें पशु-पक्षियों की रक्षा के लिए प्रेरित करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लोक देवताओं और संतों से जुड़े धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार कर रही है तथा उन्हें धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्यरत है। इससे नई पीढ़ी और प्रदेश में आने वाले पर्यटकों को लोक देवताओं के जीवन और उनके कार्यों के बारे में जानने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे बाबा रामदेवजी और वीर तेजाजी की शिक्षाओं व आदर्शों को आत्मसात कर सामाजिक समरसता की स्थापना में योगदान दें ताकि राजस्थान प्रगति के नए शिखर पर पहुंच सके।