मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के सांसदों के साथ की अहम बैठक
20 अगस्त 2025, 11:49 AM | नई दिल्ली/जयपुर, संवाददाता अवधेश बामल और लोकेंद्र सिंह शेखावत, टेलीग्राफ टाइम्स
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित बीकानेर हाउस में प्रदेश के सांसदों के साथ बैठक कर केन्द्र प्रवर्तित योजनाओं को गति देने और राज्य के सर्वांगीण विकास पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में मुख्यमंत्री ने सांसदों से आग्रह किया कि वे संसद में प्रदेशहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएं और विभिन्न मंत्रालयों में राजस्थान की स्वीकृतियों तथा फंडिंग के मामलों पर सक्रियता से कार्य करें। उन्होंने प्रधानमंत्री सड़क योजना सहित अन्य केन्द्र सरकार की योजनाओं को तेजी से लागू करने में सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही, प्रदेश में अधिक से अधिक निवेश लाने के लिए केन्द्र सरकार के साथ तालमेल को और मजबूत करने का आह्वान किया।
इस बैठक में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, भूपेन्द्र यादव, भागीरथ चौधरी, राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, चुन्नीलाल गरासिया, घनश्याम तिवाड़ी, राजेन्द्र गहलोत, लोकसभा सांसद दामोदर अग्रवाल, सी.पी. जोशी, दुष्यंत सिंह, लुंबाराम चौधरी, महिमा कुमारी मेवाड़, मंजू शर्मा, मन्नालाल रावत, पी.पी. चौधरी, राव राजेन्द्र सिंह सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य केन्द्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को तेज गति देना और प्रदेश को निवेश के लिहाज से आकर्षक गंतव्य बनाना रहा।